झारखंड: रामनवमी जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, 132 केवी लाइन के संपर्क में आया महावीरी झंडा, सात लोग झुलसे, उधर जेनरेटर में लगी भीषण आग
Jharkhand: Major accident during Ram Navami procession; Mahaveeri flag comes in contact with 132 kV line, seven people injured, generator catches fire

झारखंड में रामनवमी के जुलूस के दौरान कई हादसे हुए। एक तरफ जहां बोकारो जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। वहीं पलामू में डीजे जनरेटर में आग लगने से बड़ा हादसा टल गया।
________________________________________
बोकारो/पलामू। रामनवमी जुलूस के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां महावीरी झंडा खड़ा करने के दौरान वह हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में सात लोग झुलसकर घायल हो गए।
खेतको स्थित शिव मंदिर के समीप रामनवमी अखाड़ा में पारंपरिक रूप से महावीरी झंडा खड़ा किया जा रहा था। एक झंडा सफलतापूर्वक स्थापित करने के बाद जैसे ही दूसरा झंडा खड़ा किया जा रहा था, वह 1 लाख 32 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग घायलों को बचाने में जुट गए।
घायलों में छह युवक और एक 15 वर्षीय किशोर शामिल है। उनकी पहचान सुरेन्द्र सिंह (36), गुलाबचंद दास (28), मिथुन ठाकुर (30), अनिल रविदास (40), मदन कुमार नायक, शुभम रविदास (24) एवं रूद्र रविदास (15) के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल जारंगडीह स्थित जनता अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, हालांकि करंट लगने से उनके हाथ, पैर और कंधे झुलस गए हैं। इनमें से दो लोगों की स्थिति अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए।
इसी बीच मेदिनीनगर (पलामू) में भी रामनवमी जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार दोपहर मोहन सिनेमा क्षेत्र के पास एक पूजा क्लब के डीजे साउंड सिस्टम से जुड़े जनरेटर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।
रामनवमी जुलूस के दौरान बेरमो क्षेत्र के खेतको में एक बड़ा हादसा हो गया। जुलूस के दौरान 33 हजार बिजली तार की चपेट में आने से करीब सात लोग घायल हो गए
रामनवमी पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान घटना की सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पहुंचे। अस्पताल में स्थिति का जायजा लिया, सभी घायलों को… pic.twitter.com/yos50jEC80— Jairam Kumar Mahato MLA (@Tigerjairam) March 27, 2026
सूचना मिलते ही टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत जलते हुए जनरेटर को साउंड सिस्टम से अलग कराया और उसे कोयल नदी किनारे खुले स्थान पर ले जाकर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण जनरेटर पर अधिक लोड पड़ना बताया जा रहा है।इस घटना में जनरेटर मालिक को लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।









