झारखंड: पुलिस जिसे ढूंढ रही थी गली-गली, 9 महीने बाद आशिक संग वो हरियाणा में मिली, विदेशी से आया प्रेमी संग हुई थी रफ्फूचक्कर
Jharkhand: The woman, whom the police were searching for in every street, was found with her lover in Haryana after 9 months; she had eloped with her lover who came from abroad.

Jharkhand Crime News : जिस युवती को झारखंड पुलिस ढूंढती रही गली-गली, वो लड़की अपने आशिक के साथ हरियाणा में मिली। दरअसल बोकारो जिले में 9 महीने से युवती वैष्णवी कुमारी लापता थी। अब लापता युवती को पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने हरियाणा के मानेसर से बरामद कर लिया है। प्रेम प्रसंग से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद पुलिस अब न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है। पूरा प्रकरण बोकारो जिले के कुरमा गांव निवासी वैष्णवी कुमारी से जुड़ा है, जो 17 अप्रैल 2025 को पूरा बाजार से अचानक लापता हो गई थी।
युवती के अचानक गायब हो जाने के बाद उसके पिता सुंदरलाल तुरी ने पिंड्राजोरा थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।लगातार 9 महीने तक चली जांच, तकनीकी सर्विलांस और विभिन्न राज्यों में संभावित ठिकानों की तलाश के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली। पुलिस टीम ने वैष्णवी कुमारी को हरियाणा के मानेसर से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद युवती को बोकारो लाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कॉलेज में हुई थी मुलाकात, धीरे-धीरे बढ़ा प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि वैष्णवी कुमारी का संबंध उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी कृष्ण कुमार से था। दोनों की मुलाकात वर्ष 2023 में चास कॉलेज में हुई थी, जब वैष्णवी परीक्षा देने पहुंची थी। उसी दौरान कृष्ण कुमार भी अपने एक मित्र के साथ कॉलेज आया था। मुलाकात के बाद कृष्ण कुमार ने वैष्णवी को अपना मोबाइल नंबर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
कृष्ण कुमार ने वैष्णवी के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन उस समय वैष्णवी ने यह कहते हुए इंकार कर दिया था कि वह स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही शादी करेगी।
सऊदी अरब से लौटते ही प्रेमी के साथ चली गई युवती
पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद कृष्ण कुमार नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया। वहां से लौटने के बाद 17 अप्रैल 2025 को वह वैष्णवी के संपर्क में आया और दोनों साथ में घर से चले गए। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में था।
बेटी की सकुशल वापसी पर परिजनों ने जताई राहत
9 महीने बाद बेटी के सकुशल मिलने पर वैष्णवी की मां ने खुशी और राहत जाहिर की। उन्होंने कहा कि बेटी के लापता होने के बाद पूरा परिवार लगातार परेशान था, लेकिन पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी के प्रयासों से बेटी सुरक्षित वापस आ गई है। मां ने यह भी कहा कि वैष्णवी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है और परिवार को इस रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं है।
वैष्णवी कुमारी ने भी अपने बयान में स्पष्ट किया है कि वह बालिग है। उसने बताया कि उसने वर्ष 2017 में मैट्रिक परीक्षा पास की थी और उसकी जन्म तिथि वर्ष 2002 है। उसने अपने प्रेम संबंध और साथ रहने के फैसले को अपनी मर्जी से लिया बताया।चूंकि युवती के पिता द्वारा अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था, इसलिए पुलिस अब कानूनी प्रक्रिया के तहत वैष्णवी का बयान न्यायालय में दर्ज कराएगी।









