झारखंड-जमाई बाबू बन गये जल्लाद: ससुराल में बीबी से हुई लड़ाई तो ससुर की चाकू मारकर ले ली जान, पत्नी-साली की हालत गंभीर
Jharkhand- Son-in-law became executioner: After a fight with his wife at his in-laws' house, he stabbed his father-in-law to death, wife and sister-in-law are in critical condition.

पलामू | दामाद ने ससुराल में ऐसा कोहराम मचाया कि हर जगह खून ही खून फैल गया। दामाद ने जहां एक तरफ ससुर की चाकू मारकर हत्या कर दी, तो वही पत्नी और साली को भी चाकू मार डाला।
घटा झारखंड के पलामू जिले की है, जहां येदिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि छतरपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में एक दामाद ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी पत्नी, ससुर और साली पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस घटना में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। दोनों घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में चल रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
ससुर को मार डाला, पत्नी-साली की हालत गंभीर
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सुनील यादव, निवासी गम्हरिया गांव के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, आरोपी का नाम लवकुश यादव है, जो हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोवा बरैया (सोवा भरवा) गांव का निवासी है। जानकारी के मुताबिक लवकुश की शादी कुछ वर्ष पूर्व सुनील यादव की पुत्री पूजा देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
आरोप है कि लवकुश छोटी-छोटी बातों पर पूजा देवी के साथ मारपीट करता था, जिसे लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि लवकुश यादव दिल्ली में मजदूरी करता था और गुरुवार की देर शाम दिल्ली से सीधे अपने ससुराल गम्हरिया पहुंचा था।
देर रात किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी और ससुर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर लवकुश ने चाकू निकाल लिया और पहले अपने ससुर सुनील यादव पर जानलेवा हमला कर दिया।
पत्नी और साली का बयान ले रही पुलिस
जब ससुर पर हमला होता देख पत्नी पूजा देवी और उसकी बहन कविता कुमारी बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। हमले में सुनील यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं पूजा देवी और कविता कुमारी को हाथ, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
गांव में मचा हड़कंप, आरोपी फरार
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना छतरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी लवकुश यादव मौके से फरार हो चुका था।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को आनन-फानन में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील यादव ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार, पूजा देवी और कविता कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन फिलहाल वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।









