जिस पिता के सिर पर था 25 लाख का इनाम, अब उसी की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठा रही पुलिस, 25 लाख के इनामी नक्सली की बेटी की बदली कहानी

The police are now covering the education expenses of the daughter of a man who once had a ₹25 lakh bounty on his head—transforming the life story of the Naxalite's daughter.

रांची। एक तरफ कभी जंगलों में बंदूक लेकर घूमने वाला एक नाम, दूसरी तरफ कॉलेज की किताबों में भविष्य तलाशती उसकी बेटी। वक्त ने दोनों के बीच ऐसी दूरी बना दी है, जिसकी शायद कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि झारखंड पुलिस की ये हकीकत है।कभी 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली सतेंद्र यादव उर्फ छोटा विकास को पकड़ने के लिए पुलिस अभियान चलाती थी।

आज वही पुलिस उसके परिवार की अगली पीढ़ी को पढ़ाने की जिम्मेदारी उठा रही है।सतेंद्र यादव के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस मुख्यालय ने उसकी बेटी की पढ़ाई में आर्थिक मदद करने का फैसला किया है। बेटी फिलहाल सेंट जेवियर कॉलेज में बीएससी पार्ट-2 की छात्रा है और पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

कहानी का यह हिस्सा जंगल में नहीं, कॉलेज में लिखा जा रहा

छोटा विकास के अतीत में हिंसा, माओवादी गतिविधियां और पुलिस रिकॉर्ड के कई पन्ने हैं। लेकिन उसकी बेटी की कहानी उस अतीत से अलग लिखी जा रही है।पुलिस मुख्यालय उसकी कॉलेज फीस का खर्च उठाएगा। फिलहाल करीब 50 हजार रुपये की फीस के लिए सहयोग राशि जारी की जा रही है।

इसके बाद थर्ड सेमेस्टर और आगे की पढ़ाई का खर्च भी पुलिस मुख्यालय की ओर से उठाया जाएगा।यानी जिस परिवार की पहचान कभी नक्सली गतिविधियों से जुड़कर सामने आती थी, उसकी अगली पीढ़ी अब पढ़ाई के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस की मदद के पीछे सिर्फ फीस नहीं, संदेश भी

इस पहल को सिर्फ आर्थिक सहायता मानना शायद पूरी तस्वीर नहीं होगी। पुलिस मुख्यालय की सोच इसके पीछे कुछ और बड़ी है।आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के बच्चों को अगर उनके माता-पिता के अतीत की वजह से शिक्षा से वंचित होना पड़े, तो मुख्यधारा में लौटने की प्रक्रिया अधूरी रह जाएगी। पुलिस इसी सोच के तहत ऐसे परिवारों के बच्चों को शिक्षा का अवसर देने पर जोर दे रही है।संदेश साफ है—हिंसा का रास्ता छोड़कर लौटने वालों के बच्चों का भविष्य उनके माता-पिता के अतीत के हवाले नहीं किया जाएगा।

कभी 25 लाख का इनाम, अब बेटी की फीस के लिए पुलिस की मदद

सतेंद्र यादव उर्फ छोटा विकास पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के भीतरडीहा गांव का रहने वाला है। उसे दिनेश यादव उर्फ चश्मा के नाम से भी जाना जाता रहा है।वह भाकपा माओवादी के बिहार-झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ स्पेशल एरिया कमेटी में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक करीब दस वर्षों तक माओवादी संगठन में रहने के दौरान पलामू, लातेहार और लोहरदगा में उसके खिलाफ करीब दो दर्जन मामले दर्ज हुए थे।

राज्य सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।लेकिन वर्ष 2016 में लातेहार में तत्कालीन डीआईजी साकेत कुमार सिंह और एसपी अनूप बिरथरे के समक्ष आत्मसमर्पण करने के बाद उसने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया।

एक पीढ़ी का अतीत, दूसरी पीढ़ी का भविष्य

यही इस पूरी कहानी का सबसे अहम हिस्सा है।पिता का अतीत पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है, लेकिन बेटी का भविष्य उसकी पढ़ाई और मेहनत से तय हो—पुलिस मुख्यालय इसी दिशा में मदद कर रहा है।स्पेशल ब्रांच के डीआईजी नौशाद आलम ने सहयोग राशि से संबंधित पत्र पर हस्ताक्षर कर पुलिस मुख्यालय को भेज दिया है। जल्द ही कॉलेज को फीस की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

यह मदद सिर्फ एक छात्रा की फीस भरने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए पुलिस उन परिवारों तक भी एक संदेश पहुंचाना चाहती है, जहां कोई सदस्य अभी भी नक्सली संगठन से जुड़ा है। बंदूक छोड़कर लौटने का फैसला सिर्फ आज नहीं बदलता, वह आने वाली पीढ़ी की दिशा भी बदल सकता है। छोटा विकास की बेटी की पढ़ाई शायद उसी बदलाव की एक तस्वीर है।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close