लेडी सिंगर की रहस्यमयी परिस्थिति में मिली लाश, शादी के इनकार के बाद घर से हो गयी थी गायब, अब नहर में मिला शव, आत्महत्या या फिर हत्या….जांच जारी…
Lady singer's body found under mysterious circumstances; she had disappeared from home after being refused marriage; now her body has been found in a canal; suicide or murder...investigation underway...

Singer Inder Kaur Death। उभरती हुई गायिका इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। 29 वर्षीय सिंगर 13 मई से लापता थीं और अब करीब छह दिन बाद सुबह उनकी लाश लुधियाना की नीलो नहर से बरामद हुई। इस घटना के बाद परिवार, फैंस और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि इंदर कौर 13 मई की शाम करीब 6:30 बजे अपने घर से कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए निकली थीं। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी तलाश और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
करीब छह दिनों तक पुलिस और परिवार उनकी तलाश में जुटे रहे। सोमवार सुबह लुधियाना की नीलो नहर से एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जब शव की पहचान कराई गई तो वह इंदर कौर का निकला। शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए।
परिवार ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
इंदर कौर के परिवार ने इस मामले को हत्या बताते हुए मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि सुखविंदर पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, लेकिन वह इंदर पर शादी का दबाव बना रहा था। इंदर ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद आरोपी ने रंजिश में यह साजिश रची।
परिजनों का आरोप है कि सुखविंदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर इंदर का अपहरण कराया और बाद में उनकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। परिवार ने दावा किया कि आरोपी इंदर को लगातार परेशान करता था और मना करने के बाद भी पीछा नहीं छोड़ रहा था।
कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचने की आशंका
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। शुरुआती जांच के मुताबिक मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा में रहता है। आशंका जताई जा रही है कि वह नेपाल के रास्ते भारत पहुंचा और वारदात को अंजाम देने के बाद फिर उसी रास्ते से फरार हो गया। पुलिस अब उसके विदेश यात्रा रिकॉर्ड और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।
इस मामले में जमालपुर थाना पुलिस ने सुखविंदर सिंह और उसके सहयोगी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। साथ ही कई तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पंजाबी लोक संगीत की उभरती आवाज थीं इंदर कौर
इंदर कौर पंजाब की चर्चित युवा लोक गायिकाओं में गिनी जाती थीं। उन्होंने पंजाबी फोक म्यूजिक को नए अंदाज में पेश कर कम समय में बड़ी पहचान बनाई थी। उनके गाने “रिच स्टैंडर्ड” और “सोहणा लगदा” युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे। उन्होंने पंजाबी स्टार परमीश वर्मा समेत कई कलाकारों के साथ भी काम किया था।









