मरीन ड्राइव में अचानक गूंजने लगीं गोलियां, बिंदल मॉल के पास ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप, 4 घायल
सोनारी थाना क्षेत्र में फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी, घायलों को TMH में कराया गया भर्ती, कई घायलों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को अचानक गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग की घटना में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल यानी TMH ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान डोमिनि सैमसंग, कृष्णा, रिजवान और इरशाद के रूप में बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घायलों में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनका नाम पहले आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस के अनुसार, रिजवान और इरशाद पूर्व में गणेश सिंह पर फायरिंग और बम से जानलेवा हमले के मामले में आरोपी रहे हैं। वहीं, सैमसंग पर हत्या और फायरिंग समेत अन्य मामलों में आरोपी होने की जानकारी सामने आई है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिंदल मॉल परिसर और आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई और फायरिंग से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए गए।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मरीन ड्राइव में फायरिंग की नौबत क्यों आई और गोलीबारी किसने और किन परिस्थितियों में की। घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य वजह की आशंका से पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, फायरिंग का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना के बाद मरीन ड्राइव और बिंदल मॉल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में कुछ देर तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल घायलों का TMH में इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच और घायलों से पूछताछ के बाद ही फायरिंग की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।









