हजारीबाग हत्याकांड पर राजनीति गरमायी: आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर झामुमो-कांग्रेस का भाजपा पर हमला, इरफान अंसारी बोले, सर्जिकल स्ट्राइक
Politics heats up over Hazaribagh massacre: JMM-Congress attack BJP over alleged political connections of accused, Irfan Ansari calls surgical strike

हजारीबाग में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। झामुमो और कांग्रेस ने आरोपी के भाजपा से जुड़े होने का आरोप लगाया, वहीं इस मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन और तीखी बयानबाजी तेज हो गई है।
________________________________________
रांची। झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुम्भा गांव में 13 वर्षीय नाबालिग बालिका की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के बाद अब सियासी घमासान तेज हो गया है। इस जघन्य घटना ने जहां एक ओर समाज को झकझोर दिया है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने इस मामले के मुख्य आरोपी भीम राम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्थानीय कार्यकर्ता बताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन किया। जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक आक्रोश मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा नैतिकता और कानून-व्यवस्था की बात करती है, लेकिन उसके कार्यकर्ताओं पर ही गंभीर आपराधिक आरोप लग रहे हैं।
वहीं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि यह भाजपा के “असल चरित्र” को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और पार्टी का नैतिक आधार कमजोर हो चुका है।
डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि भाजपा लगातार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। राज्य में होने वाली हर आपराधिक घटना को राजनीतिक रंग देकर सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कुसुम्भा की घटना ने भाजपा के “दोहरे चेहरे” को उजागर कर दिया है।
उन्होंने भाजपा पर सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी विकास और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाकर नफरत और भ्रम की राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा को “झारखंड और झारखंडियों का दुश्मन नंबर एक” तक करार दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन इस मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने “लोकतांत्रिक तरीके से सर्जिकल स्ट्राइक” करने की बात कहते हुए कहा कि भाजपा के हर झूठ और साजिश को जनता के सामने लाया जाएगा।









