रांची: जमीन के नाम पर 40 करोड़ की धोखेबाजी करने वाला आरोपी रांची में गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज के आधार पर करता था फर्जीवाड़ा
Ranchi: Accused of fraud of Rs 40 crore in the name of land arrested in Ranchi, used to commit fraud on the basis of fake documents.

जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में फर्जी जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले बिल्डर अजय अग्रवाल को पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अब जेल में उसे मिल रही कथित विशेष सुविधाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
________________________________________
जमशेदपुर।रियल एस्टेट के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले आरोपी बिल्डर अजय अग्रवाल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने फर्जी जमीन के दस्तावेज दिखाकर झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की और लंबे समय से फरार चल रहा था।अजय अग्रवाल ने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के कई लोगों को प्लॉट दिलाने के नाम पर झांसा दिया।
उसने नकली कागजात तैयार कर जमीन बेचने का सौदा किया और करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया। जैसे ही लोगों को धोखाधड़ी का एहसास हुआ, आरोपी फरार हो गया।गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वह कभी गुजरात के चापी, तो कभी हैदराबाद और इंदौर जैसे शहरों में छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लंबे समय से लगी हुई थी।
आखिरकार साकची थाना की टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर उसे रांची के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमशेदपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। निचली अदालत ने उसकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और ठगी के पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले ने एक नया मोड़ तब लिया जब जेल में आरोपी को कथित तौर पर विशेष सुविधाएं दिए जाने की खबर सामने आई। सूत्रों के अनुसार, जेल मैनुअल के विपरीत उसे बाहरी होटल से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, उसके परिजन और स्टाफ जेल गेट तक पहुंचकर उसकी सेवा में लगे रहते हैं।









