रांची : बस में चाय के दो घूंट और बेहोश हो गए हाईकोर्ट के अधिवक्ता, सोना-नकदी लूटी; कोलकाता में लावारिस मिले
Ranchi: High Court advocate loses consciousness after two sips of tea on a bus; gold and cash looted; found abandoned in Kolkata.

रांची। झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता रंजन प्रसाद सिन्हा बस यात्रा के दौरान जहरखुरानी का शिकार हो गए। सफर के दौरान एक यात्री ने उन्हें चाय पीने के लिए दी और चाय के महज दो घूंट पीने के बाद वह गहरी नींद में चले गए। सुबह जब बस कोलकाता के बाबूघाट पहुंची, तो वे लावारिस हालत में मिले। उनके पास से दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन और 15 हजार रुपये नकद गायब थे।
परिजनों की सूचना के बाद उन्हें कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद अधिवक्ता को अपने साथ हुई लूट की जानकारी हुई। मामले में नॉर्थ पोस्ट पुलिस स्टेशन, कोलकाता में जीरो एफआईआर दर्ज करायी गयी है। फिलहाल लोअर बाजार थाना मामले की जांच कर रहा है।
हार्ट ऑपरेशन के लिए कोलकाता जा रहे थे
अधिवक्ता के मुताबिक उनके साले शक्ति शरण का 10 सितंबर को कोलकाता के बीएम बिड़ला अस्पताल में हार्ट का ऑपरेशन होना था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के लिए रंजन प्रसाद सिन्हा 7 सितंबर की रात कांटाटोली से श्री साईं बस में सवार हुए थे।उनके अनुसार उन्होंने बस में स्लीपर सीट बीएस-6 बुक करायी थी। हालांकि बस स्टाफ ने सीट महिला के नाम पर बुक होने की बात कहते हुए उन्हें पहले सीट नंबर 15 और बाद में सीट नंबर 11 पर बैठाया।
होटल के पास रुकी बस, यात्री ने दी चाय
यात्रा के दौरान बस रॉयल लोलो होटल के पास रुकी। इसी दौरान बगल की सीट पर बैठे एक यात्री ने अधिवक्ता को चाय पीने के लिए कहा।अधिवक्ता का आरोप है कि उन्होंने चाय लेने से मना किया, लेकिन यात्री ने कथित तौर पर उन्हें जबरन चाय पकड़ा दी। चाय के दो घूंट पीने के बाद ही उन्हें तेज नींद आने लगी और वह बेहोश हो गए।इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
बाबूघाट में लावारिस मिले, फोन किसी और ने उठाया
सुबह करीब 5 बजे बस बाबूघाट पहुंची। परिजनों ने जब अधिवक्ता के मोबाइल पर लगातार फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन रिसीव कर परिजनों को बताया कि अधिवक्ता बेहोशी की हालत में पड़े हैं।सूचना मिलने के बाद कोलकाता पुलिस और उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश आने पर अधिवक्ता ने बताया कि उनके सोने के आभूषण और नकदी गायब हैं।अधिवक्ता के अनुसार लूटे गये सोने के सामान में दो अंगूठी और एक चेन शामिल है, जिनका कुल वजन करीब 11 ग्राम बताया गया है।
बस स्टाफ पर मिलीभगत का आरोप
रंजन प्रसाद सिन्हा ने मामले में श्री साईं बस के चालक, कंडक्टर, खलासी और बस मालिक पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद बस से जुड़े लोगों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं।हालांकि बस कर्मचारियों की कथित भूमिका और चाय में नशीला पदार्थ होने समेत पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जीरो एफआईआर के आधार पर जांच शुरू
घटना को लेकर कोलकाता के नॉर्थ पोस्ट पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज करायी गयी है। इसके आधार पर लोअर बाजार थाना मामले की जांच कर रहा है।पुलिस अब यात्रा के दौरान बस में मौजूद यात्रियों, बस स्टाफ, सीटों के आवंटन और बाबूघाट तक अधिवक्ता के पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर नशीला पदार्थ किसने और किस तरह दिया।फिलहाल यह मामला जहरखुरानी, लूट और कथित मिलीभगत के आरोपों के इर्द-गिर्द है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।









