रांची- घूसखोर गिरफ्तार: ब्लाक कार्यालय में ACB की छापेमारी से मचा हड़कंप, 50000 रुपये रिश्वत लेते इस कर्मचारी को किया गया गिरफ्तार, जमीन मामले में ले रहा था घूस
Ranchi – Corrupt official arrested: ACB raid at the block office causes a stir; employee arrested while accepting a ₹50,000 bribe; he was taking the bribe in connection with a land matter.

रांची। रिश्वतखोर कर्मचारी पर एक बार फिर शिकंजा कसा है। ACB की टीम ने एक और ब्लाक कार्यालय में छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक सिल्ली अंचल कार्यालय में जमीन मापी के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अंचल में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि जमीन की मापी और उससे जुड़ी प्रक्रिया के लिए अमीन ने उससे पैसों की मांग की। फिलहाल ACB आरोपी अमीन से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ACB की टीम ने गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अमीन को रांची स्थित ACB कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।बताया जा रहा है कि जमीन की मापी कराने के लिए एक व्यक्ति कई दिनों से अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन विनोद लोहरा से हुई।
दो लाख रुपये और 4 डिसमिल जमीन की थी मांग
दरअसल ACB के सामने, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अमीन विनोद लोहरा ने जमीन मापी के एवज में दो लाख रुपये नकद और चार डिसमिल जमीन की मांग की थी। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि के बाद जाल बिछाया। तय योजना के तहत गुरुवार को शिकायतकर्ता अमीन को 50 हजार रुपये देने पहुंचा। इसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद लोहरा को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
अंचल कार्यालय में मचा हड़कंप
ACB की अचानक हुई कार्रवाई से सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी अमीन को हिरासत में लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उसे रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कार्यालय लेकर पहुंची।
यहां आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी और फिर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। कोर्ट की प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी।
जमीन मापी के लिए कई दिनों से लगा रहा था चक्कर
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अपनी जमीन की मापी कराने के लिए कई दिनों से सिल्ली अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन से हुई। आरोप है कि अमीन ने जमीन मापी कराने के बदले रकम की मांग की।
बातचीत के दौरान कथित तौर पर दो लाख रुपये और चार डिसमिल जमीन देने की मांग सामने आई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत के आधार पर एजेंसी ने कार्रवाई की और अमीन को 50 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।
सिल्ली अंचल में पहले भी हो चुकी है अमीन की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि सिल्ली अंचल में रिश्वत के मामले में अमीन की गिरफ्तारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले फरवरी 2026 में ACB ने अमीन गणेश महतो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।उस मामले में जमीन की मापी के बाद रिपोर्ट और नक्शा तैयार करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप था। अब एक बार फिर सिल्ली अंचल के अमीन की गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।









