रात के अंधेरे में सुवर्णरेखा में पलटी नाव, दो युवक तेज बहाव में समाए… सुबह तक नहीं मिला कोई सुराग
मछली पकड़ने के लिए तीन युवक नाव से नदी के बीच पहुंचे थे, हादसे के बाद एक तैरकर निकला, दो की तलाश में गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई और उसमें सवार दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। हादसे के बाद शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार नदी में उनकी तलाश कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवक तैरना जानते थे और अक्सर नाव से सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के लिए जाते थे। शुक्रवार देर रात भी दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव पर सवार होकर नदी में गए थे। बताया जा रहा है कि नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते नाव पलट गई।
नाव पलटने के बाद विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, लेकिन अमित और बिट्टू तेज बहाव की चपेट में आ गए। दोनों पानी के बहाव में कहां तक बह गए, इसका तत्काल पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बारीडीह मीरा पथ और आसपास की बस्तियों के लोग नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय युवकों ने रात में ही दोनों की तलाश शुरू कर दी। नदी किनारे से लेकर लुआबासा पुल तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने और नदी के तेज बहाव के कारण पानी में उतरकर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाना बेहद जोखिम भरा था।
शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ बचाव अभियान की निगरानी कर रही है। प्रशासन की ओर से जरूरत पड़ने पर NDRF या SDRF की सहायता लेने की तैयारी की जा रही है।
उधर, हादसे की खबर मिलने के बाद नदी तट पर लापता युवकों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार नदी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं और युवकों के सुरक्षित मिलने की आस लगाए हुए हैं।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोर और बचाव दल दोनों लापता युवकों की तलाश में जुटे हैं। नदी का तेज बहाव सर्च ऑपरेशन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।









