झारखंड से तिरुपति: अब नियमित होगी रक्सौल-तिरुपति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, जानिये क्या होगा नया ट्रेन नंबर और स्टापेज…

Jharkhand to Tirupati: Now the Raxaul-Tirupati weekly special train will be regular, know the new train number and stoppages...

धनबाद। झारखंड के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। तिरुपति जाने वाले यात्रियों को जल्द बड़ी सुविधा मिलने वाली है। रेलवे ने रक्सौल-तिरुपति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है। इससे झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

रेलवे ने रक्सौल से तिरुपति के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित करने का फैसला लिया है। रेलवे द्वारा ट्रेन का नंबर, समय-सारणी और ठहराव वाले स्टेशनों की सूची भी जारी कर दी गई है। माना जा रहा है कि जून महीने से यह ट्रेन नियमित रूप से पटरी पर दौड़ने लगेगी। हालांकि इसकी आधिकारिक शुरुआत की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

नई ट्रेन के शुरू होने से धनबाद समेत झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर तिरुपति बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को अब सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही उत्तर बिहार के दरभंगा, सीतामढ़ी और समस्तीपुर जैसे शहरों से लेकर दक्षिण भारत के सिकंदराबाद और तिरुपति तक रेल संपर्क और मजबूत होगा।

रेलवे के अनुसार 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से सुबह 8:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन देर रात 1:40 बजे बोकारो पहुंचेगी। इसके बाद 2:21 बजे चंद्रपुरा और बुधवार सुबह 3:45 बजे धनबाद स्टेशन पहुंचेगी। वहीं शाम 5 बजे यह ट्रेन रक्सौल पहुंचेगी।

इसी तरह 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार तड़के 3:15 बजे रक्सौल से रवाना होगी। ट्रेन शाम 4:15 बजे धनबाद, 5:21 बजे चंद्रपुरा और 6:20 बजे बोकारो पहुंचेगी। इसके बाद शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी।

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार इस ट्रेन का ठहराव कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा। इनमें सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, बराकर, धनबाद, चंद्रपुरा, बोकारो, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंडिया, वडसा, चंदा फोर्ट, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियाल, पेडापल्ली, काजीपेट, चर्लपल्ली, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, कृष्णा, रायचुर, अदोनी, गुंतकल, ताड़ीपतरी, येरागुंतला, कपाड़ा और रेनीगुंटा जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

इस नई ट्रेन के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के यात्रियों को भी दक्षिण भारत जाने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। अब तक तिरुपति जाने वाले यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी, लेकिन नई सेवा शुरू होने के बाद यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

Related Articles