लेडी कांस्टेबल के प्यार में दारोगा ने खुद को मार ली गोली, 5 महीने पहले हुई थी शादी, दुल्हन को छोड़ने का दवाब बना रही थी प्रेमिका
A police officer shot himself for the love of a lady constable. He had married five months earlier and his girlfriend was pressuring him to leave the bride.

Daroga Sucide : एक युवा दारोगा ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और एक कथित प्रेम प्रसंग को इस घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कौशल किशोर कुमार के रूप में हुई है, जो वर्ष 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और मूल रूप से खगड़िया जिले के निवासी थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जढुआ ओपी प्रभारी के रूप में थी।
किराए के मकान में उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, दारोगा कौशल किशोर कुमार ने अपने किराए के मकान में सर्विस पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। गोली आर-पार निकल गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी घर में मौजूद थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनकी मां भी गांव से आई थीं और पारिवारिक विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रही थीं।
शादी के बाद बढ़ा तनाव
सूत्रों के मुताबिक, कौशल किशोर की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक जीवन में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था, जिसे आसपास के लोगों ने भी महसूस किया था।
प्रेम प्रसंग का एंगल आया सामने
मामले में चंदन कुशवाहा, डीआईजी तिरहुत ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक दारोगा का एक महिला कांस्टेबल के साथ प्रेम प्रसंग था, जो समाहरणालय स्थित जिला कोषागार में तैनात थी। यह संबंध शादी से पहले शुरू हुआ था और शादी के बाद भी जारी रहा।बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल दारोगा पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जबकि उनकी पत्नी उनके साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी वजह से घर में लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
मां के लौटने के कुछ घंटों बाद घटना
परिजनों के अनुसार, सोमवार को काफी समझाने के बाद उनकी मां वापस गांव लौट गईं। इसके कुछ ही घंटों बाद शाम के समय दारोगा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और प्रेम प्रसंग—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।









