आ गयी मानसून की खबर: भीषण गरमी के बीच आ गयी अच्छी खबर, 26 मई को केरल पहुंचेगा मानसून, बिहार-झारखंड में जानिये कब पहुंचेगा मानसून

News of the monsoon has arrived: Good news has arrived amid the scorching heat, the monsoon will reach Kerala on May 26, find out when the monsoon will reach Bihar and Jharkhand.

नई दिल्ली/रांची। भीषण गरमी के बीच एक राहत की भी खबर है। मौजूदा वक्त में उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल तट पर दस्तक दे सकता है। हालांकि इसमें चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी जताई गई है।आईएमडी के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने अनुकूल मौसमीय सिस्टम के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के चलते दक्षिण-पूर्व अरब सागर में निम्न वायु दाब का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसी वजह से केरल, दक्षिण कर्नाटक और लक्षद्वीप क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।

केरल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक केरल और माहे के कई हिस्सों में तेज बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश, जबकि येलो अलर्ट 6 से 11 सेंटीमीटर बारिश की चेतावनी को दर्शाता है।

 

झारखंड और बिहार में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगर मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ता है तो बिहार और झारखंड में इसकी एंट्री जून के दूसरे सप्ताह तक हो सकती है। आमतौर पर मानसून 10 से 15 जून के बीच झारखंड और 12 से 18 जून के बीच बिहार पहुंचता है। इससे पहले मई के अंतिम सप्ताह और जून के पहले सप्ताह में प्री-मानसून बारिश शुरू होने की संभावना है।

प्री-मानसून के दौरान दोनों राज्यों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान वज्रपात की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अभी और बढ़ेगी गर्मी
हालांकि मानसून की खबर राहत देने वाली है, लेकिन उससे पहले गर्मी और परेशान कर सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना बनी हुई है।

Related Articles