झारखंड: शादी के कार्यक्रम में मचा कोहराम, छेका कार्यक्रम में आये दो मेहमानों की मौत से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

Jharkhand: Chaos erupts at wedding ceremony, two guests die in shock; police investigate

रांची के रातू थाना क्षेत्र के तिगरा गांव में एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
________________________________________
रांची। शादी के कार्यक्रम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छेका के कार्यक्रम में मेहमान आये दो लोगों की मौत हो गयी। घटना रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र की है। जहां, बसाईर टोली तिगरा गांव में स्थित एक कुएं से दो लोगों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों रविवार को तिगरा गांव में आयोजित एक पारंपरिक ‘लोटा-पानी’ (छेका) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद से ही दोनों का कोई अता-पता नहीं चल रहा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।

हालांकि परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसी बीच मंगलवार रात गांव के कुछ लोगों ने कुएं में संदिग्ध वस्तु देखी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए। जांच करने पर कुएं के पानी में दो शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने प्रयास कर दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला।

शवों की पहचान होते ही जरिया बेड़ो के लोग तिगरा गांव पहुंचे और दोनों शवों को अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस को तत्काल औपचारिक सूचना नहीं दी गई। बुधवार को जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तब रामनरायण, थाना प्रभारी रातू के निर्देश पर पुलिस टीम जरिया बेड़ो रवाना हुई और शवों को कब्जे में लेकर रातू थाना लाया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बुजुर्ग संभवतः रात के अंधेरे में कुएं में गिर गए होंगे। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के बीचों-बीच स्थित यह कुआं करीब 30 फीट गहरा है। कुएं के आसपास किसी प्रकार की रेलिंग या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसे की आशंका जताई जा रही है।

घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में खुले और असुरक्षित कुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। कई गांवों में आज भी कुओं के आसपास पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles