झारखंड में दर्दनाक घटना: मां-बेटे पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, पति की हालत नाजुक, ग्रामीण एकजुट होकर घर में घुसे, फिर मचाया कोहराम…
Tragic incident in Jharkhand: Mother and son burned alive after being doused with petrol, husband in critical condition, villagers unite and enter the house, then create chaos...

झारखंड से एक दर्दनाक खबर आ रही है। डायन बिसाही के संदेह में एक महिला और उसके मासूम बेटे को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया गया। इस हमले में महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना के बाद 12 आरोपियों ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
________________________________________
चाईबासा। इंसानियत को झकझोर देने वाली एक भयावह घटना सामने आई है। पश्चिमी सिंहभूम जिला के अंतर्गत आने वाले कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कथित तौर पर डायन बिसाही के शक में एक महिला और उसके मासूम बेटे को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया गया। इस हृदयविदारक वारदात में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
आरोप है कि गांव में पिछले कुछ दिनों से बीमारी और अन्य घटनाओं को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही थीं। कुछ ग्रामीणों ने इन घटनाओं के लिए महिला को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे ‘डायन’ घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी अंधविश्वास और उन्माद के चलते करीब एक दर्जन लोगों ने मिलकर इस जघन्य साजिश को अंजाम दिया।
मंगलवार देर रात आरोपितों का समूह महिला के घर पहुंचा और घर में घुसकर महिला, उसके पति और बच्चे पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरने के कारण महिला और उसका बच्चा बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पति किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी पुलिस को बुधवार सुबह तब मिली जब करीब 12 आरोपी स्वयं थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपियों का कहना था कि महिला डायन थी और गांव में हो रही बीमारियों के पीछे उसी का हाथ था। पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है ताकि साक्ष्य एकत्र कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
झारखंड और अन्य राज्यों के कई ग्रामीण इलाकों में आज भी डायन बिसाही जैसे अंधविश्वास के कारण महिलाओं को प्रताड़ित किए जाने और हिंसा का शिकार बनने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
नोट- HPBL न्यूज अंधविश्वास व डायन प्रथा को बढ़ावा नहीं देता। किसी भी तरह की अफवाहों पर यकीन ना करे। बीमार होने पर डाक्टरों की सलाह ले। ग्रामीणों से खतरा हो तो पुलिस की मदद मांगे।









