MGM अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर डिमना लेक में डूबे, दोस्त को बचाने उतरा दूसरा डॉक्टर भी गहरे पानी में समाया; पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी।

Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना लेक से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव झील से बाहर निकाले गए। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल परिसर और पूरे चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय समीर (काशीडीह निवासी) और 22 वर्षीय सक्षम सिंह (डाल्टनगंज के बिनेका गांव निवासी) गुरुवार रात करीब 11 बजे अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने साथी यश के साथ डिमना लेक पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक का मोबाइल फोन झील में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए वह पानी में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। अपने दोस्त को संकट में देखकर दूसरा डॉक्टर उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों झील में समा गए, जबकि उनके साथ मौजूद तीसरा साथी यश सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान में काफी मशक्कत के बाद दोनों जूनियर डॉक्टरों के शव डिमना लेक से बरामद किए गए।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने बताया कि दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों डॉक्टर आधी रात के बाद डिमना लेक क्यों पहुंचे थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दर्दनाक हादसे ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉक्टरों, छात्रों तथा कर्मचारियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।









