झारखंड: …अब वोटिंग की बारी! बजट सत्र में हुआ बदलाव, इंटर की परीक्षा में हुआ बदलाव, यहां जानिये जरूरी अपडेट
Jharkhand: ...Now it's time to vote! Changes to the budget session, intermediate exams, and important updates here.

झारखंड के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को मतदान होगा। चुनाव के मद्देनजर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा के शेड्यूल में संशोधन किया गया है। मतगणना 27 फरवरी को होगी।
________________________________________
रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव का माहौल अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार का शोर थम चुका है। अब वोटिंग की बारी है। राज्य के कुल 48 नगर निकायों — जिनमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत शामिल हैं — में 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा।
मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को निर्धारित की गई है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे JAC की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in अथवा jacexamportal.in पर नवीनतम अपडेट नियमित रूप से जांचते रहें।
चुनाव आयोग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है।निकाय चुनावों की तारीखों का असर राज्य के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र जारी है, लेकिन 23 फरवरी को सदन की कार्यवाही पूरी तरह स्थगित रहेगी। यह निर्णय स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया गया।
विधानसभा सत्र में बदलाव
पहले 23 फरवरी को अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद और मतदान प्रस्तावित था। हालांकि, निकाय चुनाव के कारण इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए 21 फरवरी को ही अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान संपन्न कर लिया जाएगा। वहीं, 24 फरवरी को राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किया जाएगा।
विधानसभा सूत्रों के अनुसार, यह कदम मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए और जनप्रतिनिधियों की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बोर्ड परीक्षा शेड्यूल में संशोधन
निकाय चुनाव का असर शैक्षणिक कार्यक्रमों पर भी देखने को मिला है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) परीक्षा के शेड्यूल में आंशिक संशोधन किया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को हिंदी ‘बी’ एवं मातृभाषा विषयों की परीक्षा आयोजित होनी थी।
अब यह परीक्षा 24 फरवरी 2026 को द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक कराई जाएगी। काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। संशोधित आदेश झारखंड अधिविद्य परिषद के पत्र के आधार पर जारी किया गया है।
काउंसिल ने सभी केंद्राधीक्षकों, संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
विधि-व्यवस्था पर विशेष फोकस
चुनाव और परीक्षाओं के एक साथ होने के कारण विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों और परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
निकाय चुनाव प्रचार 21 फरवरी की शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद केवल डोर-टू-डोर प्रचार की अनुमति होगी। मतदान दिवस पर कई स्थानों पर दुकानें, गैर-आवश्यक सेवाएं, अदालतें और सरकारी कार्यालय आंशिक रूप से बंद या प्रभावित रह सकते हैं।









