झारखंड: राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री तक….मंत्रियों से लेकर सांसद तक, देखिये कैसा रहा झारखंड में मतदान का हाल, इन दिग्गजों ने डाले वोट
Jharkhand: From the Governor to the Chief Minister, from Ministers to MPs, see how the voting in Jharkhand went, these big names cast their votes.

रांची। नगर निगम चुनाव की वोटिंग आज चल रही है। । वोटिंग को लेकर सभी नगरीय क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस दौरान खास से लेकर आमलोगों तक की मौजूदगी वोटिंग सेंटर में दिखी। झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जिसकी वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी. चुनाव में 43.43 लाख से अधिक पात्र मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसी बीच, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मतदाताओं से अपने मत का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है। राज्यपाल संतोष गंगवार व केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भी रांची में निकाय चुनाव के लिए मतदान किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांके रोड स्थित आवास से मतदान हेतु सहजानंद चौक, हरमू स्थित संत कुलदीप उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पहुंचे।

मुख्यमंत्री हेमत सोरेन ने जहां अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ मतदान किया। तो वहीं कई नेता-मंत्रियों के साथ अधिकारियों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने रांची के वार्ड संख्या 26 स्थित बूथ संख्या 7, संत कुलदीप हाई स्कूल मतदान केंद्र पहुंचकर नगर निकाय चुनाव के लिए वोट डाला।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी रांची स्थित श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रमुख संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों द्वारा मतदान किये जाने से आम मतदाताओं में भी उत्साह देखा गया. प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ ही मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी और शहरी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभायेंगे।
वहीं देवघर में सांसद निशिकांत दुबे ने अपनी पत्नी के साथ वोट डाले। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से बढ़ चढ़कर वोटिंग करने की अपील की। बैलेट से हो रहे हैं चुनाव को लेकर सांसद निशिकांत दुबे ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर की वजह से मतदान में काफी समय लग रहा है। जहां साढ़े सात सौ वोट कास्ट होने हैं, वहां पर अभी तक मात्र 40 वोट ही पड़े हैं।
उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की सरकार झारखंड को पीछे ले जाना चाहती है, इसीलिए बैलेट से चुनाव कराया जा रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भी सामान्य लोगो की तरह कतार में खड़े होकर मताधिकार का प्रयोग किया। बताते चलें कि 48 निकायों के 4,307 बूथों पर मतदान हो रहा है। यह चुनाव नौ महापौर, 39 अध्यक्ष तथा 1,042 पार्षदों के लिए हो रहा है। इसमें मेयर व अध्यक्ष के 562 व वार्ड पार्षद के 5,562 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है।









