शादी में आतिशबाजी से लगी भयंकर आग, कई घर जलकर हुए राख, एक व्यक्ति की हुई मौत, कई घायल, मवेशी भी जल मरे
Fireworks at a wedding caused a massive fire, burning several houses to ashes, killing one person, injuring several others, and killing livestock.

शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी से निकली चिंगारी ने भयानक आग का रूप ले लिया। हादसे में पांच फूस के घर जलकर खाक हो गए, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मवेशियों को भी भारी नुकसान पहुंचा। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
________________________________________
Fire News: शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आतिशबाजी की वजह से भयानक आग लग गयी। आगजनी में जहां एक व्यक्ति जिंदा जल गया, तो वहीं कई लोग घायल हो गये। कई घर भी जलकर राख हो गये। कुछ मवेशियों के भी मारे जाने की खबर है। मामला पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंतर्गत नरकटियागंज प्रखंड के चमुआ गांव की है। जहां में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया।
गांव में चल रहे एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आतिशबाजी से निकली चिंगारी ने पास के फूस के बने घरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था।
इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा आतिशबाजी की जा रही थी। अचानक एक चिंगारी उड़कर नजदीक स्थित फूसनुमा घरों पर जा गिरी। फूस की छत और तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और लपटें तेजी से फैलती चली गईं।
आग की तेज लपटों ने पांच फूस के घरों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। हादसे के समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इस दुखद घटना में धुरंधर यादव नामक व्यक्ति घर के अंदर सोते हुए बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। धुरंधर यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में दो से तीन मवेशी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। कई परिवारों की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी आग में स्वाहा हो गई। घरों में रखे कपड़े, अनाज, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया था।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बाल्टियों और हैंडपंप के सहारे आग बुझाने की भरपूर कोशिश की। हालांकि तेज हवा और फूस की ज्वलनशीलता के कारण आग पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। फायर ऑफिसर खुशबू कुमारी के नेतृत्व में टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।
फायर ऑफिसर खुशबू कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आतिशबाजी से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।









