Dhanbad Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचलकर घसीटा, मौके पर दर्दनाक मौत; गुस्साई भीड़ ने पुलिस को खदेड़ा, सड़क पर मचा बवाल
धनबाद के झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर देर रात हुए भीषण हादसे में 28 वर्षीय जहांगीर की जान चली गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस टीम को पीछे खदेड़ते हुए वाहनों के शीशे तोड़ दिए। मृतक की पत्नी बहन की शादी में शामिल होने मायके गई थी, तभी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

धनबाद। झारखंड के धनबाद में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बार फिर सड़क पर मौत का तांडव मचा दिया। झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर ऊपर कुल्ही के पास मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक और उसकी बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा ट्रक इंदिरा चौक के पास एक गुमटी में जा घुसा।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान भीड़ का गुस्सा पुलिस पर भी फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम को मौके से पीछे खदेड़ दिया और कुछ पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। हालात बिगड़ने पर सिंदरी डीएसपी पीसी महतो सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
टक्कर के बाद युवक और बाइक को घसीटता ले गया ट्रक
जानकारी के अनुसार, ऊपर कुल्ही बालू बंकर निवासी मो. जाकिर का 28 वर्षीय बेटा जहांगीर मंगलवार देर रात बाइक से धनबाद की ओर से आ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जहांगीर और उसकी बाइक ट्रक के साथ काफी दूर तक घसीटते चले गए। गंभीर हादसे में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इंदिरा चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि दुकानदार कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे। इससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
भारी वाहनों की रफ्तार पर फूटा लोगों का गुस्सा, पुलिस टीम को खदेड़ा
हादसे के बाद झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत होने के बजाय और बढ़ गया। लोगों का आरोप था कि झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम को पीछे खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ पुलिस वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर सिंदरी डीएसपी पीसी महतो के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
पत्नी बहन की शादी में गई थी मायके, घर पहुंची मौत की खबर
इस हादसे ने जहांगीर के परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जहांगीर झरिया में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। इसके अलावा वह पास की एक बैटरी दुकान में भी काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी और तीन साल का एक बेटा है।
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जहांगीर की पत्नी साहिन मंगलवार शाम ही अपने बेटे के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके गई थी। वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। परिवार में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद जहांगीर की मौत की खबर ने सब कुछ बदल दिया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









