चार लोगों की मौत : होली के पहले दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, तीन लोगों की हालत गंभीर
Four people died: Tragic accident before Holi, four people of the same family died, condition of three people is critical.

शौचालय टंकी की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। जहरीली गैस से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
________________________________________
Crime News : होली के पहले एक हृदयविदारक घटना हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं, तीन लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पूरी घटना बिहार के वैशाली जिले की है, जहां दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मिली जानकारी के मुताबिक सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में शौचालय की टंकी साफ करने के दौरान एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य अपने घर के शौचालय टंकी के सोख्ता की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति टंकी के अंदर उतर गया, लेकिन जहरीली गैस के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य एक-एक कर नीचे उतरते गए। टंकी के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी, जिससे दम घुटने के कारण सभी बेहोश हो गए।
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।मृतकों में 46 वर्षीय आनंद कुमार, उनका 18 वर्षीय बेटा प्रियांशु कुमार, आनंद के भाई पंकज कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि राहुल कुमार की शादी 24 फरवरी को ही हुई थी। शादी के महज एक सप्ताह के भीतर उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीओ रामबाबू बैठा और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
एसडीओ ने बताया कि यह घटना निजी शौचालय की सफाई के दौरान हुई। पहले एक युवक टंकी में गिरा, जिसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी नीचे गए और जहरीली गैस के संपर्क में आने से सभी बेहोश हो गए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।








