झारखंड: प्रिंस खान का पुलिस को फिर खुला चैलेंज, इस बार BMW कंपनी के सुरेश सिंह को दी धमकी, कहा- “कान नहीं खुला तो खोपड़ी खोल देंगे”…
Jharkhand: Prince Khan once again challenges the police, this time threatening Suresh Singh of BMW company, saying, "If you don't open your ears, I'll open your skull"...

कुख्यात गैंग्सटर प्रिंस खान ने एक बार फिर झारखंड पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। धनबाद के बाद अब बोकारो में भी व्यवसायी को धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
________________________________________
बोकारो। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक बार फिर पुलिस को चैलेंज दे दिया है। बोकारो जिले में एक कारोबारी को प्रिंस खान ने धमकी दी है। प्रिंस खान ने बोकारो के औद्योगिक क्षेत्र बालीडीह में बीएमडब्ल्यू कंपनी से जुड़े काम करने वाले कारोबारी Suresh Singh को धमकी दी है। धमकी में न केवल रंगदारी की मांग की गई, बल्कि यह भी कहा गया कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
धमकी भरे संदेश में यह तक कहा गया कि यदि चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया तो बम से हमला किया जाएगा। संदेश में यह भी लिखा गया कि “अगर कान नहीं खुला तो खोपड़ी खोल देंगे।” इस तरह की धमकी से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस के अनुसार प्रिंस खान पहले भी धनबाद में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और विदेश में रहकर अपने गिरोह के माध्यम से झारखंड में रंगदारी और धमकी का नेटवर्क संचालित करता है।
इस मामले में भी माना जा रहा है कि उसके सहयोगियों के जरिए स्थानीय स्तर पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।इसी दौरान प्रिंस खान का एक और ऑडियो या संदेश सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें उसने धनबाद के पुलिस अधिकारियों को भी धमकी दी है। बताया जा रहा है कि उसने धनबाद के पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके और फहीम खान के बीच यदि पुलिस हस्तक्षेप करेगी तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
धमकी में यह भी कहा गया कि यदि उसके लोगों को गिरफ्तार किया गया या उनके खिलाफ कार्रवाई की गई तो धनबाद के डॉक्टरों को निशाना बनाया जा सकता है। इस तरह की धमकी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।इस पूरे मामले को लेकर हरविंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक, बोकारो ने कहा कि अभी तक जांच में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि धमकी या रंगदारी से जुड़ा कोई भी प्रमाण सामने आता है तो संबंधित अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस साइबर एंगल से भी मामले की जांच कर रही है, क्योंकि माना जा रहा है कि धमकी डिजिटल माध्यमों से दी गई है।









