“आप हमेशा याद आएंगे भैया…” सुदिव्य सोनू के निधन पर भावुक हुए हेमंत सोरेन, कुछ देर में पहुंचने वाले हैं गिरिडीह, कहा, सोनू भैया मेरे जीवन के….

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भावुक हुए। उन्होंने सोनू को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

रांची: झारखंड सरकार के मंत्री और झामुमो नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरा झारखंड शोक में डूबा हुआ है। उनके निधन पर देशभर से लगातार शोक संवेदनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू को याद करते हुए बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘बड़े भाई’ कहकर संबोधित किया।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोपहर करीब 12 बजे गिरिडीह पहुंचेंगे।

&nbs

p;

‘सोनू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति’

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि रात में उन्हें अपने बड़े भाई और प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की दुखद खबर मिली। उन्होंने कहा कि इस खबर को स्वीकार कर पाना उनके लिए बेहद कठिन है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य सोनू उनके लिए सिर्फ वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे, बल्कि बड़े भाई की तरह थे। वह स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और मुश्किल समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू के साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख हमेशा उनके साथ रहेंगी।

झारखंड आंदोलन से जुड़ी भूमिका को किया याद

मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार सोनू के झारखंड आंदोलन से जुड़े योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौर से ही सुदिव्य सोनू स्वर्गीय बाबा दिशोम गुरुजी के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे।

हेमंत सोरेन ने उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा का समर्पित सिपाही बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि झारखंडियत के प्रति सुदिव्य सोनू का समर्पण और उनकी जुझारू भावना हमेशा याद की जाएगी।

‘कल तक जो आवाज हमारे बीच थी, आज सिर्फ स्मृतियों में’

सुदिव्य सोनू के निधन से भावुक मुख्यमंत्री ने जीवन की क्षणभंगुरता का जिक्र करते हुए कहा कि कल तक जो आवाज उनके बीच थी, आज वह सिर्फ स्मृतियों में रह गई है।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। मुख्यमंत्री ने उनके स्नेह, संघर्ष और झारखंड के प्रति प्रतिबद्धता को जीवनभर अपने साथ रखने की बात कही।

अपने भावुक संदेश के अंत में हेमंत सोरेन ने लिखा— “आप हमेशा याद आएंगे भैया…”

अंतिम संस्कार में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें अंतिम विदाई देने गिरिडीह पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Desk Hpbl

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *