झारखंड हाईकोर्ट में बड़ा बदलाव, 23 सितंबर को एक साथ शपथ लेंगे 3 नए जज, जानिए कौन संभालेगा जिम्मेदारी
गढ़वा, साहिबगंज और डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाए गए हाईकोर्ट के न्यायाधीश, शपथ के बाद जजों की संख्या 13 से बढ़कर 16 होगी

रांची। झारखंड हाईकोर्ट में जल्द ही तीन नए न्यायाधीश जिम्मेदारी संभालेंगे। झारखंड न्यायिक सेवा कैडर के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह 23 सितंबर 2026 को सुबह 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया जाएगा।
झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से कार्यक्रम का शेड्यूल तय होने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने भी कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक जानकारी दी है।
गढ़वा, साहिबगंज और डालटनगंज के PDJ बनेंगे हाईकोर्ट जज
झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए गए तीनों अधिकारी लंबे समय से न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं। इनमें गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद, साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार और डालटनगंज यानी पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम शर्मा शामिल हैं।
तीनों अधिकारियों के पास न्यायिक सेवा का अनुभव है। अब शपथ ग्रहण के बाद वे झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीश के तौर पर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
13 से बढ़कर 16 हो जाएगी जजों की संख्या
तीनों नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो जाएगी। वर्तमान में चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत कुल 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं।
झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं। तीन नए जजों की नियुक्ति के बाद भी हाईकोर्ट में 9 पद रिक्त रहेंगे। ऐसे में 23 सितंबर को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह हाईकोर्ट के न्यायिक ढांचे के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।









