भोजपुरी गायिका डिंपल सिंह व मगही गायक रोशन रोई के कार्यक्रम में हुआ खूब बवाल, कलाकारों पर जूते चप्पल फेंके, कुर्सियां तोड़ी, बांस बल्लियां उखाड़ी, पुलिस ने भांजी लाठियां, प्रोग्राम छोड़ना पड़ा सिंगर्स को..

Regional News : भोजपुरी गायिका डिंपल सिंह व मगही गायक रोशन रोई के कार्यक्रम में जमकर बवाल मचा। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा, इस दौरान दर्शकों ने जमकर उत्पात मचाया। कुर्सियां तोड़ी, बांस बल्लियां उखाड़ी, कलाकारों पर जूते-चप्पल फेंके, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग पड़ा। मामला बिहार के भागलपुर स्थित सैंडिस कंपाउंड का है, जहां शनिवार को एक निजी बाइक कंपनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ।
मगही गायक रोशन रोई और भोजपुरी गायिका डिंपल सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर मिलते ही हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कलाकारों पर जूते-चप्पल फेंके गए, कुर्सियां तोड़ी गईं और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। हालात बिगड़ने के बाद आयोजकों को कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
डिंपल सिंह के मंच पर पहुंचते ही बेकाबू हुई भीड़
जानकारी के अनुसार, भोजपुरी गायिका डिंपल सिंह के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पार कर मंच के नजदीक पहुंचने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा में तैनात निजी बाउंसरों ने लाठियां चलानी शुरू कर दीं। इससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
कलाकारों पर फेंके गए जूते-चप्पल, मंच छोड़कर निकले
हंगामे के दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस की ओर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस बीच कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी मेहमानों के लिए लगाई गई कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। उपद्रव के कारण रोशन रोई और डिंपल सिंह को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वहां से निकलना पड़ा।
मौके पर बिखरी मिलीं एक हजार से अधिक चप्पलें
हंगामे के बाद कार्यक्रम स्थल का नजारा काफी अव्यवस्थित था। वहां एक हजार से अधिक चप्पलें बिखरी हुई मिलीं। इस दौरान कई लोगों को आंशिक चोटें आने की भी खबर है। कार्यक्रम में स्थानीय नेता भी मौजूद थे। हालांकि, मौके पर पुलिस बल तैनात था, लेकिन हजारों की भीड़ और अव्यवस्था के कारण स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद हालात हुए सामान्य
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया जा सका। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर स्थिति सामान्य हुई।इस घटना ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








