झारखंड : वाह रे चोर की भक्ति! पहले मां पार्वती को किया प्रणाम, फिर उन्हीं के गहने लेकर हुआ फरार, CCTV में कैद हुआ कांड

लातेहार। भगवान के दरबार में माथा टेकने से पाप धुलते हैं, लेकिन बरवाडीह के इस चोर ने तो माथा टेकने के बाद नया पाप ही कर दिया! मंदिर में घुसा, मां पार्वती के सामने हाथ जोड़े, सिर झुकाया और पूरी श्रद्धा के साथ प्रणाम किया। इसके बाद जो किया, उसे देखकर आप भी कहेंगे कि भाई, इतनी श्रद्धा अगर चोरी में लगाने के बजाय कहीं और लगा दी होती तो जिंदगी संवर जाती!

दरअसल, मां का आशीर्वाद लेने के बाद चोर ने उन्हीं के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गया। चोर की यह अनोखी हरकत मंदिर के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। अब इलाके में लोग भी सवाल कर रहे हैं कि आखिर यह कैसी श्रद्धा थी, जिसमें पहले मां के सामने माथा टेका और फिर उन्हीं के गहनों पर हाथ साफ कर दिया!

पहले आशीर्वाद लिया, फिर मां के गहनों पर किया हाथ साफ
दरअसल, लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध प्राचीन पहाड़ी मंदिर में शनिवार की रात तीन चोर पहुंचे थे। इनमें से दो मंदिर के बाहर पहरेदारी करते रहे, जबकि तीसरा मंदिर के अंदर दाखिल हुआ।

CCTV फुटेज में दिख रहा है कि मंदिर में घुसते ही चोर सीधे मां पार्वती की प्रतिमा के सामने पहुंचा। उसने दोनों हाथ जोड़े, सिर झुकाया और प्रणाम किया। इसके बाद वह चोरी के मिशन पर लग गया। मां पार्वती के आभूषण समेत मंदिर में रखे अन्य सामान उठाए और चुपचाप वहां से निकल गया।

यानी चोर ने पहले आस्था दिखाई और फिर ऐसी सफाई से हाथ साफ किया कि सुबह पुजारी के पहुंचने पर ही चोरी का पता चला।

सुबह पुजारी पहुंचे तो खुली चोरी की पोल
रविवार सुबह पुजारी मृत्युंजय मिश्रा मंदिर पहुंचे तो वहां सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर मां पार्वती के आभूषण समेत कई सामान गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल मंदिर समिति और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

दो बाहर पहरा देते रहे, तीसरे ने मंदिर में की चोरी
सूचना मिलने पर बरवाडीह थाना प्रभारी राम लखन वर्णवाल पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे। CCTV फुटेज खंगालने पर पता चला कि वारदात में तीन चोर शामिल थे। दो मंदिर के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि तीसरे ने अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस का दावा, जल्द पकड़े जाएंगे चोर
थाना प्रभारी राम लखन वर्णवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।

फिलहाल चोर की यह ‘प्रणाम करो और गहने लेकर निकलो’ वाली करतूत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। मंदिर में श्रद्धा से सिर झुकाने वाला शख्स अगले ही पल चोरी कर जाएगा, यह शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा!

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close