इनकाउंटर ब्रेकिंग: दुष्कर्म व हत्या का आरोपी दिलीप राय मुठभेड़ में मारा गया, पुलिस टीम को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग, जवाबी फायरिंग में लगी गोली
Encounter Breaking: Dilip Rai, an accused in a case of rape and murder, has been killed in an encounter. He opened fire upon spotting the police team and was struck by return fire.

Encounter News: रेप और हत्या के आरोपी को इनकाउंटर में मार गिराया गया है। पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में आरोपी की मौत हुई है। मामला पश्चिम बंगाल से जुड़ा है, जहां नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज से ये बड़ी खबर सामने आई है।
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपित दिलीप राय सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के लिए पहुंची टीम पर आरोपित ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर रायगंज थाने की विशेष टीम ने सोमवार सुबह बंगाल-बिहार सीमा से सटे परारपुकुर घाट इलाके में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़की की हत्या और दुष्कर्म का मुख्य आरोपित दिलीप राय इसी इलाके में छिपा हुआ है।
पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही आरोपित ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान पुलिस वाहन के टायर में भी गोली लगी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप राय गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिसकर्मी उसे तत्काल रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बंगाल-बिहार सीमा से सटे इलाकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
तीन दिन बाद जंगल में मिला था नाबालिग का शव
मामले की शुरुआत पिछले गुरुवार को हुई थी, जब रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल इलाके से लापता नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था। जानकारी के अनुसार, लड़की तीन तारीख से लापता थी और पांच तारीख को उसका शव मिला था।
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका के परिजनों ने रायगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो दुष्कर्म और हत्या की आशंका सामने आई। इसके बाद आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया।
आरोपित पर पिता से पैसे लेने का भी आरोप
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। आरोप है कि लड़की की हत्या के बाद भी मुख्य आरोपित ने उसके पिता से बेटी को खोजकर वापस लाने के नाम पर रुपये लिए थे। इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया था।
पुलिस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने की सराहना
पुलिस की कार्रवाई पर हिंदू जागरण मंच के संयोजक सौमित्र दे ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस पर काफी दबाव था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपित तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उन्होंने पुलिस और मामले में सहयोग करने वाले सांसद की भूमिका की भी सराहना की।फिलहाल रायगंज पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








