Ranchi Road Accident: नामकुम में मौत का तांडव, तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, दो की मौत और तीन गंभीर

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम इलाके में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। इन दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना में तेज रफ्तार वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना में अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
तेज रफ्तार वैगनआर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा
पहला हादसा टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुरुलिया रोड स्थित सिलवे में हुआ। यहां मृतक की पहचान सूरज साव (42) के रूप में हुई है, जो भवानी कॉलोनी के निवासी थे। दुर्घटना में प्रकाश महतो और कृष्णा बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मिश्रा टोली के रहने वाले हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम सड़क किनारे करीब सात से आठ लोग खड़े थे। इसी दौरान पुरुलिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वैगनआर कार (JH 01 DG 3509) अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सूरज साव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, कार में जमकर तोड़फोड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार में तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि कार में तीन महिलाएं और एक युवक सवार थे। सभी पुरुलिया से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कार में सवार लोगों को वाहन समेत थाने ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दीपावली की छुट्टी में घर आए थे सूरज, वापस लौटने से पहले मौत
हादसे में जान गंवाने वाले सूरज साव भेल इंडिया, हरिद्वार में कार्यरत थे। वह दीपावली की छुट्टी में 5 नवंबर को अपने घर आए थे। उन्हें 10 नवंबर को वापस हरिद्वार लौटना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घर आने के कुछ ही दिनों बाद सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रायसा मोड़ पर अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला
नामकुम क्षेत्र में दूसरी दर्दनाक दुर्घटना थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ के पास हुई। यहां पैदल जा रहे ललसाय मुंडा (35) को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ककड़ा हुआंगहातू निवासी हिंदू मुंडा के पुत्र थे।
सूचना मिलने पर नामकुम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं की जांच कर रही है और दूसरे हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।









