सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद? किताब में किया बड़ा खुलासा, राहुल-प्रियंका भी नहीं थे राजी
आज से बाजार में उपलब्ध होगी सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love', 2004 में प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के फैसले के पीछे की बताई पूरी कहानी

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ आज यानी 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध हो रही है। किताब के प्रकाशित होने से पहले ही इसका एक अंश राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसमें सोनिया गांधी ने साल 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के अपने फैसले के पीछे की वजहों का खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि उस समय उनके मन में राजनीतिक जिम्मेदारी और पारिवारिक चिंताओं के बीच गहरा संघर्ष चल रहा था। एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता की उम्मीदें थीं, तो दूसरी तरफ उनके बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं चाहते थे कि उनकी मां देश की प्रधानमंत्री बनें।
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित किताब के विशेष अंश के मुताबिक, सोनिया गांधी ने उस रात का जिक्र किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद ठुकराने का अंतिम फैसला लिया था। उन्होंने लिखा कि काफी समय से मन में चल रहा असमंजस अचानक खत्म हो गया और उन्हें भीतर से आवाज आई, ‘सोनिया, अपने प्रति सच्ची रहो। तुम हमेशा से यह जानती थीं। बस इसे छोड़ दो।’ इस आत्मिक आवाज के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया।
राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने राहुल और प्रियंका के साथ इस विषय पर चर्चा की थी कि यदि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो क्या उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार करना चाहिए? इस सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहतीं। उनके दोनों बच्चे भी इसके पक्ष में नहीं थे। इसकी बड़ी वजह परिवार का दर्दनाक अतीत था। राहुल और प्रियंका ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्द करीब से देखा था। ऐसे में उनके लिए प्रधानमंत्री पद का मतलब परिवार की सुरक्षा को लेकर और बड़ी चिंता था। सोनिया के मुताबिक, जब उन्होंने बच्चों के सामने प्रधानमंत्री नहीं बनने की इच्छा जाहिर की तो दोनों ने राहत महसूस की थी। खुद सोनिया को भी उस समय काफी हल्कापन महसूस हुआ था।
चुनाव नतीजों के बाद जिम्मेदारी और असमंजस के बीच फंसी रहीं सोनिया
किताब में सोनिया गांधी ने स्वीकार किया है कि 2004 के लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद उनके मन में काफी उथल-पुथल थी। एक तरफ उन्हें लगता था कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री बनने का विचार उन्हें भीतर से स्वीकार नहीं था। वह सोच रही थीं कि यदि उन्होंने पद स्वीकार नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उन मतदाताओं को निराशा होगी, जिन्होंने पार्टी पर भरोसा जताया था। उनके मन में लगातार विचार बदल रहे थे। कभी उन्हें अपना फैसला सही लगता, तो अगले ही पल जिम्मेदारी का एहसास उन्हें फिर असमंजस में डाल देता था।
राहुल गांधी ने मां से पूछा- आपने हां क्यों कहा?
सोनिया गांधी ने उस मुलाकात का भी खुलासा किया है, जब कांग्रेस और गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए मनाने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान राहुल गांधी ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां क्यों कह दी? सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इस जवाब से राहुल नाराज हो गए थे। प्रियंका गांधी ने भी मां को याद दिलाया कि वह पहले ही अपना फैसला स्पष्ट कर चुकी थीं और उन्हें किसी के दबाव में नहीं आना चाहिए। सोनिया ने लिखा कि उस समय प्रियंका की आंखें लाल थीं और उन्हें खुद भी रोने का मन हो रहा था। परिवार की इस भावनात्मक स्थिति ने उनके फैसले को और मजबूत कर दिया।
विदेशी मूल का मुद्दा बनने की भी थी आशंका
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद ठुकराने के पीछे राजनीतिक परिस्थितियों को भी एक अहम वजह बताया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें आशंका थी कि यदि वह प्रधानमंत्री बनती हैं तो बीजेपी और उसके सहयोगी उनके विदेशी मूल के मुद्दे को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर सकते हैं। इससे देश की राजनीति में तनाव बढ़ सकता था और सरकार के कामकाज तथा विकास की प्राथमिकताएं प्रभावित हो सकती थीं। सोनिया के मुताबिक, भारत ने निजी त्रासदियों के बाद उन्हें अपनाया और सहारा दिया था। वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती थीं, जिससे देश के हितों को नुकसान पहुंचे। उनके लिए प्रधानमंत्री पद हासिल करने से ज्यादा महत्वपूर्ण देश में एक मजबूत, सक्षम और धर्मनिरपेक्ष सरकार का गठन करना था।
संसद के सेंट्रल हॉल में भावुक हो गए थे कांग्रेस नेता
सोनिया गांधी ने किताब में संसद के सेंट्रल हॉल में हुई उस घटना का भी जिक्र किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला सार्वजनिक किया था। उनके इस ऐलान के बाद कांग्रेस के कई नेता भावुक हो गए और कुछ ने उनसे अपना निर्णय बदलने की अपील की। सोनिया ने बताया कि विरोध और भावनात्मक माहौल के बीच उन्हें अपना भाषण रोकना पड़ा और कुछ देर के लिए मंच से बाहर जाना पड़ा। बाद में वह वापस लौटीं और अपना फैसला दोबारा स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद कभी उनका लक्ष्य नहीं रहा और वह अपने सिद्धांतों पर कायम रहेंगी।
मनमोहन सिंह को सौंपी सरकार की कमान
प्रधानमंत्री पद से इनकार करने के बाद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से हटकर मनमोहन सिंह को नेता बनाने का फैसला किया। इसके बाद 2004 में यूपीए सरकार का नेतृत्व डॉ. मनमोहन सिंह के हाथों में आया। सोनिया गांधी की किताब में सामने आए इन खुलासों ने एक बार फिर 2004 के उस ऐतिहासिक राजनीतिक फैसले और उसके पीछे की पारिवारिक तथा राजनीतिक परिस्थितियों को चर्चा में ला दिया है।









