गोवर्धन पूजा पर पीएम मोदी ने गायों को खिलाई घास, शेयर की खास तस्वीरें; संस्कृत श्लोक के जरिए किया भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी सुख, शांति और समृद्धि की शुभकामनाएं, सोशल मीडिया पर साझा किया गोवर्धनधराष्टकम् का श्लोक और बताया उसका महत्व

नई दिल्ली। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह गाय और उनके बछड़ों को घास खिलाते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ प्रधानमंत्री ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सभी को शांति, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मिले। तस्वीरों में वह गायों और उनके बच्चों को अपने हाथों से घास खिलाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इन तस्वीरों को कुछ खास पलों से जुड़ा बताया है।

पीएम मोदी ने तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया। उन्होंने देशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे तथा सबके सुख, सौभाग्य और समृद्धि में वृद्धि हो।

प्रधानमंत्री की ओर से साझा किया गया संस्कृत श्लोक है, “आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्। स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे।” इसका भावार्थ है कि मैं उन भगवान श्रीकृष्ण का भजन करता हूं, जो ब्रजवासियों के प्राणों से प्रिय हैं, सत्य पराक्रमी हैं और अपने भक्तों के भय को दूर करने वाले हैं।

यह श्लोक श्री गोवर्धनधराष्टकम् से लिया गया है। इस स्तोत्र में भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप की महिमा का वर्णन किया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब देवराज इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार वर्षा कराई थी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और पशुओं की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। सात दिनों तक पर्वत को धारण कर उन्होंने सभी को वर्षा और संकट से बचाया था। इसी लीला के बाद भगवान श्रीकृष्ण को गोवर्धनधारी और गोवर्धनधर के नाम से जाना जाने लगा।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close