झारखंड में हाथियों ने मचाया तांडव, दो युवकों को कुचलकर मार डाला, वन विभाग के अफसरों ने ग्रामीणों को चेताया…
Elephants went on a rampage in Jharkhand, trampling two youths to death; forest officials warned villagers...

Jharkhand News : हाथियों कहर एक बार फिर देखने को मिला है। बोकारो जिलों में हाथियों ने दो युवकों को कुचलकर मार डाला। ये घटना बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की तिलैया पंचायत की है, जहां 30 से अधिक हाथियों के झुंड ने हमला कर दो युवकों की जान ले ली। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे और सुरक्षा के इंतजाम की मांग की है।
मृतकों की पहचान प्रकाश कुमार महतो और चरकू महतो के रूप में हुई है, जो दोनों तिलैया गांव के ही निवासी थे।ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार रात लगभग 8:30 बजे तिलैया रेलवे गेट के पास कुछ ग्रामीण अपने घरों की ओर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 30 से 35 जंगली हाथियों का झुंड पास के जंगल से निकल आया और लोगों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम और डर का माहौल
ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन प्रकाश और चरकू भाग नहीं पाए। हाथियों ने दोनों को पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत जगेश्वर बिहार थाना पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।
पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं, वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को गांव से जल्द हटाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने और गांव के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
वन विभाग की कार्रवाई और अपील
घटना के बाद बोकारो डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, “हमारे अधिकारी पीड़ित परिवारों से मिले हैं और पूरी घटना की जानकारी ली गई है। सरकारी नियमों के अनुसार, मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा।”
डीएफओ ने यह भी बताया कि झुंड में हाथियों के कई बच्चे भी शामिल हैं, जिसकी वजह से उनका व्यवहार बेहद उग्र हो गया है। विभाग की टीम हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है तथा कहा कि रात के समय जंगल के पास न जाएं।
ग्रामीणों में भय का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से हाथियों का यह झुंड लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है, जिससे लोग रात में घर से बाहर निकलने से डरते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









