Gajendra Patel Biography : जानिये कौन हैं गजेंद्र पटेल? MP से राष्ट्रीय महामंत्री और अब बने झारखंड BJP प्रभारी, जानिए उनका पूरा राजनीतिक सफर
Gajendra Patel Biography: Find out who Gajendra Patel is. From National General Secretary (representing MP) to the newly appointed Jharkhand BJP in-charge—learn about his entire political journey.

Gajendra Patel Biography in Hindi: भारतीय जनता पार्टी ने कई राज्यों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इस संगठनात्मक बदलाव में झारखंड की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को सौंपी गई है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है। आदिवासी वर्ग से आने वाले गजेंद्र को झारखंड की कमान काफी सोच समझकर दिया गया है। झारखंड जैसे आदिवासी क्षेत्र में गजेंद्र की नियुक्ति जातिगत समीकरण को ध्यान में रखकर किया गया है।
जानकारी भी कहते हैं कि गजेंद्र पटेल के लिए यह जिम्मेदारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वे मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र से आने वाले आदिवासी नेता हैं और लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कामकाज से जुड़े रहे हैं। सांसद के तौर पर दो बार लोकसभा पहुंचने के बाद अब राष्ट्रीय महामंत्री और झारखंड प्रभारी की भूमिका में उनकी राजनीतिक जिम्मेदारी का दायरा और बढ़ गया है।
जानिये कौन हैं गजेंद्र पटेल?
गजेंद्र सिंह पटेल का जन्म 16 फरवरी 1975 को मध्य प्रदेश के बड़वानी में हुआ था। उनके पिता का नाम उमराव सिंह पटेल और माता का नाम सुशीला पटेल है। संसद के आधिकारिक प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा हासिल की है। उनका पेशा कृषि और राजनीति है। उनकी पत्नी का नाम बसंती पटेल है और उनके दो पुत्र हैं।
बड़वानी से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाने वाले गजेंद्र पटेल का राजनीतिक सफर केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहा। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों का एक महत्वपूर्ण आधार माना जाता है।
संघ और ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
गजेंद्र पटेल का राजनीतिक सफर संगठनात्मक गतिविधियों से होकर आगे बढ़ा। वे शुरुआती दौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक मंचों पर काम किया।
आदिवासी क्षेत्रों में संगठन के विस्तार से जुड़े काम में भी उनकी सक्रियता रही। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में उनकी भूमिका के बाद पार्टी संगठन में उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती गईं।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा से राष्ट्रीय संगठन तक
गजेंद्र पटेल ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद वे मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण पदों पर रहे।वर्ष 2017 में वे मध्य प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। बाद में प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। संगठन में काम करने के इसी अनुभव ने उन्हें आदिवासी क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज से गहराई से जोड़ा।
खरगोन से दो बार सांसद बने गजेंद्र पटेल
गजेंद्र पटेल ने चुनावी राजनीति में भी अपनी जगह बनाई। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें खरगोन की अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया और वे पहली बार लोकसभा पहुंचे।2024 में उन्होंने इसी सीट से दोबारा चुनाव जीता और 18वीं लोकसभा के सदस्य बने। संसद के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी उनका खरगोन से भाजपा सांसद के रूप में उल्लेख है।इससे पहले वे मध्य प्रदेश की भगवानपुरा विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं।
संसद में किन मुद्दों को उठाते रहे हैं गजेंद्र पटेल?
सांसद के रूप में गजेंद्र पटेल आदिवासी क्षेत्रों और अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे उठाते रहे हैं। इनमें रेल कनेक्टिविटी, सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिकल सेल एनीमिया, टीबी नियंत्रण, कृषि और आदिवासी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं जैसे विषय शामिल रहे हैं।खरगोन-बड़वानी क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और आदिवासी बहुल इलाकों की समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता उनके राजनीतिक प्रोफाइल का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
2026 में बने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री
गजेंद्र पटेल के राजनीतिक सफर में एक बड़ा पड़ाव अगस्त 2026 में आया, जब भाजपा ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया। इससे उनकी भूमिका मध्य प्रदेश और उनके संसदीय क्षेत्र से आगे बढ़कर राष्ट्रीय संगठन तक पहुंची।
अब कुछ ही समय बाद उन्हें झारखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी केवल पार्टी की नियमित गतिविधियों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि राज्य संगठन के साथ समन्वय और केंद्रीय नेतृत्व की संगठनात्मक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने से भी जुड़ी होगी।
अब झारखंड BJP की जिम्मेदारी गजेंद्र पटेल के पास
भाजपा की नई सूची के मुताबिक गजेंद्र पटेल झारखंड के प्रभारी होंगे। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह प्रभारी के रूप में काम करेंगे। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।झारखंड में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है जब भाजपा ने राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों को नए सिरे से गति देने के लिए प्रदेश स्तर पर बदलाव किए हैं।
गजेंद्र पटेल के साथ कौन होंगे झारखंड के सह प्रभारी?
झारखंड के लिए नई टीम में गजेंद्र पटेल के साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। यानी राज्य में संगठनात्मक जिम्मेदारी अब तीन नेताओं की नई टीम संभालेगी।भाजपा की नई सूची में देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी प्रभारी और सह प्रभारी बदले गए हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा जारी व्यवस्था में झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
- गजेंद्र पटेल के लिए झारखंड की जिम्मेदारी क्यों अहम है?
राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद किसी राज्य का प्रभारी बनाया जाना गजेंद्र पटेल के संगठनात्मक सफर में एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। खासतौर पर झारखंड जैसे राज्य में, जहां आदिवासी राजनीति और संगठनात्मक समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं, उनका आदिवासी पृष्ठभूमि से आना उनके राजनीतिक प्रोफाइल का एक उल्लेखनीय पक्ष है।हालांकि नई जिम्मेदारी के राजनीतिक प्रभाव का आकलन आने वाले समय में उनके काम और पार्टी के संगठनात्मक फैसलों से ही किया जा सकेगा।
Gajendra Patel Biography: एक नजर में
जानकारी – विवरण
पूरा नाम – गजेंद्र सिंह पटेल
जन्म – 16 फरवरी 1975
जन्म स्थान – बड़वानी, मध्य प्रदेश
पिता – उमराव सिंह पटेल
माता – सुशीला पटेल
शिक्षा – बीए, एलएलबी
पत्नी – बसंती पटेल
संतान – दो पुत्र
पार्टी – भारतीय जनता पार्टी
लोकसभा क्षेत्र – खरगोन, मध्य प्रदेश
लोकसभा सदस्य – 17वीं और 18वीं लोकसभा
वर्तमान संगठनात्मक भूमिका – भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री
नई जिम्मेदारी – झारखंड भाजपा प्रभारी
सह प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह









