रांची- सैलून में नौकरी के बहाने शोषण: युवती ने लगाए दुष्कर्म प्रयास, बंधक बनाने और धर्म परिवर्तन के दबाव के गंभीर आरोप, FIR दर्ज
Ranchi- Exploitation on the pretext of job in salon: Girl alleges attempted rape, serious allegations of hostage taking and pressure to convert religion, FIR registered

रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में Unisex सैलून में काम करने वाली युवती ने प्रबंधन पर शोषण, दुष्कर्म के प्रयास, बंधक बनाने और धर्म परिवर्तन के दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
Ranchi Crime News: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शहर में सनसनी फैला दी है। एक फेमस Unisex सैलून में काम करने वाली युवती ने सैलून संचालकों पर उत्पीड़न, दुष्कर्म के प्रयास, बंधक बनाकर मारपीट और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, वह मूल रूप से ओडिशा के अंगुल जिले की रहने वाली है और वहां एक सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सैलून संचालक सोहेब मलिक और उसके सहयोगी सोहेल खान से हुई। आरोप है कि दोनों ने उसे बेहतर करियर और 30 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच देकर रांची बुलाया। युवती उनके प्रस्ताव से प्रभावित होकर 25 सितंबर 2025 को रांची पहुंची और काम शुरू कर दिया।
हालांकि, युवती का आरोप है कि रांची आने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उसने बताया कि 10 नवंबर 2025 को सोहेब मलिक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके अलावा, उसे कई बार जबरन शराब और नशीले पदार्थ दिए गए, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर हो गई। पीड़िता का कहना है कि नशे की हालत में उससे लगातार काम कराया जाता था और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता रहा।
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि 29 नवंबर और 14 जनवरी को उसके साथ अत्यंत क्रूरता की गई। उसने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे जबरन एक फ्लैट में ले जाकर बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और दो दिनों तक कैद में रखा गया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
सबसे गंभीर आरोप धर्म परिवर्तन को लेकर सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उस पर अपना धर्म बदलने का दबाव बना रहे थे। इनकार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और उसकी आस्था को ठेस पहुंचाई जाती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और सैलून के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा सकती है।









