होली पर बजाया अश्लील गाना, तो जेल में कटेगा रंगो का त्योहार, पुलिस मुख्यालय ने जारी की एडवाइजरी, अश्लील गाना, हुड़दंग और डीजे पर प्रतिबंध
Playing obscene songs on Holi will result in jail time for the festival of colors. Police Headquarters has issued an advisory banning obscene songs, rioting, and DJ music.

होली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अश्लील गानों, तेज डीजे और बिना लाइसेंस जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी करते हुए अतिरिक्त बल और क्यूआरटी की तैनाती सुनिश्चित की है।
________________________________________
Police News। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए होली के मौके पर अश्लील गाने बजाने, तेज आवाज में डीजे चलाने और हुड़दंग करने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है।
इस संबंध में बिहार पुलिस की तरफ से एडवाइजरी भी जारी कर दी गयी है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने किसी भी तरह की उन्मादी गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सोमवार को पटना पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने बताया कि राज्य के सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही वज्र वाहन, वाटर कैनन और लाठी फोर्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
बिहार पुलिस की तरफ से जिला मुख्यालयों के अलावा अनुमंडल स्तर पर भी क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) की तैनाती की गई है। जिन जिलों में पिछले वर्ष होली के दौरान दंगा-फसाद या तनाव की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। खासकर रोहतास, नवादा, पटना, मुंगेर और सीतामढ़ी जैसे जिलों में अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
एडीजी दराद ने बताया कि अरवल, नवादा और गया जैसे जिलों में होली के अवसर पर झूमटा जुलूस निकालने की परंपरा है। ऐसे में इन जिलों में बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस के प्रस्तावित रूट का भौतिक सत्यापन करने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाए। पिछले वर्ष गया में 142, नवादा में 81 और अरवल में 12 झूमटा जुलूसों को अनुमति दी गई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है। ऐसे में होलिका दहन और रंग खेलने के दौरान विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव न उत्पन्न हो। सभी जिलों को सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है। किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ सामग्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।









