Jairam Mahto Police Controversy: जयराम महतो का खुला ऐलान “भ्रष्टाचार पर हर पार्टी के कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ूंगा” पुलिस एसोसिएशन पर बोले- अल्टीमेटम जेब में रखो, सबकी पोल खोलेंगे
Jairam Mahto-Police Controversy: Jairam Mahto’s open declaration—"I will fight the battle against corruption on behalf of workers from every party." Addressing the Police Association, he said, "Keep your ultimatum in your pocket; we will expose everyone."

धनबाद। बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी देने के मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इधर, विधायक जयराम महतो के तेवर और भी तेज होते जा रहा हे। इससे पहले पुलिस एसोसिएशन की ओर से विधायक से माफी मांगने के लिए दिए गए अल्टीमेटम के बाद जयराम महतो ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया।
विधायक ने एक वीडियो जारी कर झारखंडवासियों से अपील की कि यदि किसी थाना या पुलिस अधिकारी की ओर से उनके साथ दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, अन्याय, प्रताड़ना या अवैध वसूली की जाती है तो वे सुरक्षित तरीके से ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड करें और उसे वायरल कर उन्हें टैग करें।
‘न्याय की लड़ाई में आपके साथ खड़ा रहूंगा’
जयराम महतो ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति किसी भी विचारधारा या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, अगर उसके साथ अन्याय हो रहा है तो वह न्याय की लड़ाई में उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।विधायक ने यह भी कहा कि यदि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का कोई कार्यकर्ता भी पुलिस या किसी अधिकारी की कथित ज्यादती का शिकार होता है तो वह उसके साथ भी खड़े रहेंगे।उन्होंने कहा कि वह किसी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
जयराम महतो ने कहा, “न डरेंगे, न झुकेंगे, अन्याय के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे।”
बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप
जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना प्रभारी खुद को ईमानदार बताते हैं, लेकिन क्षेत्र में आम लोगों को कथित तौर पर फर्जी प्राथमिकी में फंसाने का काम किया जाता है।हालांकि, विधायक की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी या पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका पर भी जताई नाराजगी
विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका को लेकर भी असंतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि स्पीकर विधायकों के कस्टोडियन होते हैं। इसी वजह से उन्होंने मामले की स्थिति स्पष्ट करने और सच्चाई जानने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को चार बार फोन किया, लेकिन उनकी ओर से कोई रुचि नहीं दिखाई गई।जयराम महतो ने कहा कि उन्होंने मामले की वास्तविक स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब वह भविष्य में विधानसभा अध्यक्ष को इस मामले में कोई पत्र नहीं लिखेंगे।
‘मेरे खिलाफ तीन FIR दर्ज की गई’
जयराम महतो ने दावा किया कि उनके खिलाफ तीन FIR दर्ज की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है और इस मामले में कोई देखने वाला नहीं है।विधायक ने यह भी दावा किया कि शराब के नशे में लोगों ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित विवाद को लेकर पुलिस एसोसिएशन और विधायक जयराम महतो के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस एसोसिएशन की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजर है।









