झारखंड- स्कूल में हुआ बड़ा हादसा: मिड डे मील के दौरान स्कूल भवन भर-भराकर गिरा, 37 बच्चे बाल-बाल बचे, बारशि के दौरान हुआ हादसा
Major accident at a Jharkhand school: School building collapsed suddenly during the mid-day meal; 37 children had a narrow escape. The incident occurred amidst rainfall.

कोडरमा। जिले के चंदवारा प्रखंड की बेंदी पंचायत में सोमवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में तेज बारिश के दौरान अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। भवन का मलबा नीचे की ओर फैल गया, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के वक्त विद्यालय के बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। जैसे ही भवन का हिस्सा गिरा, स्कूल में मौजूद बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गनीमत रही कि समय रहते बच्चे वहां से हट गए और किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।
करीब 2010 से अधूरा पड़ा है भवन
जानकारी के मुताबिक, विद्यालय का दो मंजिला भवन करीब वर्ष 2010 में अधूरा बना था। इसके बाद से भवन का ऊपरी हिस्सा लंबे समय से इसी तरह अधूरा पड़ा हुआ था। सोमवार को तेज बारिश के दौरान अचानक इसका ऊपरी हिस्सा ढह गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिस समय मलबा गिरा, उस दौरान बच्चे भवन के नीचे या उसके आसपास मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्कूल में 37 बच्चे, सिर्फ एक शिक्षक
नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में करीब 37 बच्चे नामांकित हैं। स्कूल में फिलहाल सिर्फ एक शिक्षक पिंटू कुमार कार्यरत हैं।शिक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि हादसे के समय बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। भवन का हिस्सा गिरते ही बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अर्धनिर्मित भवन का हिस्सा गिरने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अधूरा पड़ा यह भवन बारिश के दौरान किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।लोगों ने प्रशासन से स्कूल भवन की तत्काल जांच कराने और जर्जर एवं अर्धनिर्मित हिस्से को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का खतरा न रहे।









