झारखंड : स्मॉल फॉल में दो भाइयों की दर्दनाक मौत, नहाने उतरे थे झरने में, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

Jharkhand: Tragic death of two brothers at Small Fall; they had gone into the waterfall to bathe—one body recovered, search for the other underway.

लोहरदगा। एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। लोहरदगा जिले के किस्को और जोबांग थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित स्मॉल फॉल में नहाने के दौरान दो भाइयों के डूबने की घटना से इलाके में शोक की लहर है। हादसे में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी 24 वर्षीय लाल रितेश नाथ शाहदेव, पिता अजय नाथ शाहदेव और चतरा जिले के सिमरिया निवासी राजा सिंह, पिता सनूज कुमार सिंह के रूप में हुई है।

घूमने निकले थे दोनों, फिर नहीं लौटे घर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक दोपहर करीब एक बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले।इसी बीच सड़क किनारे दोनों की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसकी जानकारी मिलने के बाद किस्को थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे।

स्मॉल फॉल में नहाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि दोनों युवक देवदरिया पंचायत क्षेत्र के स्मॉल फॉल पहुंचे थे। यहां नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।घटना की सूचना मिलने के बाद किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, किस्को थाना प्रभारी वारिस हुसैन और जोबांग थाना प्रभारी बिष्णु रजक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

एक शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। इस दौरान लाल रितेश नाथ शाहदेव का शव बरामद कर लिया गया। वहीं राजा सिंह की तलाश अभी जारी है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। दूसरे युवक की तलाश के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

एक साथ घूमने निकले दोनों रिश्तेदार भाइयों के साथ हुए हादसे की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजन घटनास्थल पर मौजूद हैं और राजा सिंह के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसा नहाने के दौरान हुआ या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close