स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान पर सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन, जानिए क्या होगा फायदा

रांची : स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के राज्यस्तरीय शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चीफ फार्मेसी ऑफिसर श्री उपेंद्र कुमार सिंह और फार्मासिस्ट श्री अयमान सुल्तान ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति सेवा और जागरूकता का संदेश दिया।
क्या है स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान (एसएनएसपीए) स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एक ऐतिहासिक पहल है, जिसमें महिला और बाल विकास मंत्रालय प्रमुख सहयोगी है, जिसका उद्देश्य पहुंच, गुणवत्ता देखभाल और जागरूकता में सुधार पर ध्यान देने के साथ पूरे भारत में महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।
जनभागीदारी अभियान के रूप में वर्णित यह अभियान समावेशी स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के लिए निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य क्षेत्र के पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करता है।
इस अभियान का उद्घाटन 17 सितंबर, 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उनके 75वें जन्मदिन पर किया गया, जो सशक्त समुदायों के लिए उनके दृष्टिकोण के अनुरूप है।
अभियान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में 1,00,000 स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन पर जोर देता है।इन शिविरों को विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी खास जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और समग्र पारिवारिक कल्याण को बढ़ावा मिलेगा।
रक्तदान शिविर में निभाई भूमिका
इसके अलावा ट्रेनी फार्मासिस्ट सुमंतो महतो, आफ़ताब आलम, कृष्णा कुमार कुंडू, आदिल खान सहित अन्य ने भी सक्रिय योगदान दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और ज़रूरतमंदों की जान बचाने में मदद मिलेगी।









