झारखंड: बैंक लूट की चल रही थी प्लानिंग, डकैती से पहले पहुंच गयी पुलिस, मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार

कोडरमा में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में लूट की योजना बना रहे चार बदमाश गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ, हथियार और कारतूस बरामद।

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा में लूट की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने बैंक लूट की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती से झरनाकुंड जाने वाले रास्ते पर सुनसान इलाके में चार बदमाश मौजूद थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बदमाश बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा में लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी कुमार शिवाशिष के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि बदमाशों ने लूट की वारदात में इस्तेमाल करने के लिए पिस्टल अपने पास रखी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घटना के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और पांच मैगजीन बरामद की हैं।

मोबाइल में मिली बैंक की रेकी के वीडियो

एसपी कुमार शिवाशिष ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा की रेकी से जुड़े कई वीडियो मिले हैं। इन वीडियो से पुलिस को बैंक लूट की साजिश के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश बैंक की गतिविधियों और आसपास के इलाके की रेकी कर चुके थे और जल्द ही लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनकी योजना को विफल कर दिया।

बिहार के सिवान और वैशाली के रहने वाले हैं आरोपी

एसपी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों बदमाश बिहार के सिवान और वैशाली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जेल में बंद कुख्यात अपराधी निरंतर सिंह इन बदमाशों को निर्देशित कर रहा था।

पुलिस अब निरंतर सिंह को भी रिमांड पर कोडरमा लाने की तैयारी कर रही है, ताकि बैंक लूट की साजिश और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा सके।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट और बैंक लूट से संबंधित मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *