झारखंड के शिक्षा विभाग में ‘बड़े पैमाने पर तबादला’, कई जगह पर लंबे समय से कार्यरत क्लर्क भी बदलेंगे
'Massive transfers' in Jharkhand's Education Department; clerks serving in the same location for long periods will also be transferred.

झारखंडे के माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने राज्य के शिक्षा कार्यालयों में प्रशासनिक फेरबदल को लेकर एक बड़ा और कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने वैसे सभी क्लर्कों को तुंरत ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है, जो किसी एक कार्यालय में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से लगातार पदस्थापित हैं. इस संबंध में निदेशक ने राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशकों (आरजेडडीई) को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है.
विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी लिपिक की प्रतिनियुक्ति दोबारा वैसे कार्यालय में कतई नहीं की जाएगी, जहां उसकी कुल पदस्थापन या प्रतिनियुक्ति अवधि पहले ही तीन वर्ष या उससे अधिक रह चुकी हो. नए नियम के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों के सेवाकाल के दौरान यदि कोई लिपिक कुल मिलाकर आठ वर्ष किसी एक ही जिले में कार्यरत रहा हो, तो उसे अब प्रमंडल के किसी दूसरे जिले में स्थानांतरित कर दिया जाएगा.
आदेश को पूरी गंभीरता से लागू कराने के लिए निदेशक ने समय-सीमा भी तय कर दी है. उन्होंने साफ कहा है कि इस पूरे स्थानांतरण अभियान की विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में निदेशालय को उपलब्ध करायी जाए. इस फैसले से राज्य के शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय और जिला कार्यालयों में बड़े पैमाने पर फेरबदल होना तय माना जा रहा है.








