झारखंड-फिल्मी स्टाईल में मर्डर: समोसे की प्लेट थी हाथ में अपाचे पर पहुंचे तीन शूटर, फायरिंग के बाद फिर तमंचा लहराते हुए हो गये फरार
Jharkhand: A film-style murder: Three shooters arrived on an Apache with a plate of samosas in hand, fired shots, and then fled brandishing pistols.

जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र से रविवार को गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने धर्मपुर मोड़ के पास एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय फुरकान अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फुरकान अंसारी रविवार सुबह करीब 9 बजे धर्मपुर मोड़ के पास स्थित एक स्थानीय दुकान पर नाश्ता कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश हमलावर अचानक वहां पहुंचे। किसी को संभलने का मौका मिले बिना ही हमलावरों ने फुरकान अंसारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
वहीं, गोली लगते ही फुरकान अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से कथित रूप से हवाई फायरिंग भी की। अचानक हुई फायरिंग से आसपास मौजूद लोग सहम गए और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। वारदात के तुरंत बाद तीनों हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए घायल फुरकान अंसारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, फुरकान अंसारी को गोली लगने से गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस हत्या की घटना से धर्मपुर मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय दोनों देखने को मिल रहे हैं। कई लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।









