पटना में खान सर कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, ऑफिस में तोड़फोड़; सिक्योरिटी गार्ड घायल

Firing outside Khan Sir's coaching centre in Patna, office vandalised; security guard injured

पटना: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की रात देश के जाने-माने शिक्षक और मशहूर यूट्यूबर खान सर (Khan Sir) के ‘खान जीएस रिसर्च सेंटर’ के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में कोचिंग सेंटर के ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की गई और बीच-बचाव करने आया एक सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है।

​घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल गार्ड को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

कम फीस पर पढ़ाना बना गुनाह? खान सर ने उठाए सवाल

​वारदात की खबर मिलते ही खान सर खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ तौर पर सुरक्षा की मांग की और इस हमले के पीछे की एक बड़ी वजह का इशारा किया।
​खान सर ने कहा:

“हमलावरों ने हमारे ऑफिस में तोड़फोड़ की और बाहर गोलियां चलाईं। सीसीटीवी (CCTV) फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है और हमारे गार्ड ने हमलावरों को पहचान भी लिया है। मुख्य मुद्दा यह लगता है कि हम इतनी कम फीस में क्यों पढ़ा रहे हैं? हमें इतने शानदार नतीजे क्यों मिल रहे हैं? हम प्रशासन से अपील करते हैं कि वे हमारी सुरक्षा चिंताओं को समझें। गरीबों का भी शिक्षा पर उतना ही अधिकार है।”

पुलिस का क्या कहना है?

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने शुरुआती तफ्तीश के बाद बताया कि मामला आपसी मारपीट और विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

CCTV की जांच: पुलिस कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

बयान दर्ज: घायल गार्ड और मौके पर मौजूद स्थानीय चश्मदीदों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

तनाव का माहौल:

खान सर के इस कैंपस में रोज हजारों की संख्या में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं, इसलिए पुलिस मुस्तैदी से जांच में जुटी है ताकि छात्र सुरक्षित महसूस कर सकें।

​2019 में भी हो चुका है देसी बम से हमला

​यह पहली बार नहीं है जब खान सर के कोचिंग संस्थान को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 10 मई 2019 को भी सुबह करीब 10 बजे इस संस्थान पर बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे। उस वक्त दफ्तर के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था और एक छात्र की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि, उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन इस बार सीधे फायरिंग और तोड़फोड़ ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
​देशभर के लाखों छात्रों को बेहद कम फीस में सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले खान सर पर हुए इस हमले के बाद, अब पटना पुलिस पर हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का भारी दबाव है।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *