T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम घोषित: शुभमन गिल टीम से बाहर, झारखंड के कप्तान ईशान किशन की वापसी, अक्षर पटेल बने उप कप्तान
T20 World Cup squad announced: Shubman Gill dropped, Jharkhand captain Ishan Kishan returns, Axar Patel named vice-captain

T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। विश्व कप में सूर्यकुमार यादव को कप्तान और अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है। वहीं खराब फार्म से जूझ रहे शुभमन गिल को टीम से बाहर रखा गया है, जबकि ईशान किशन दो साल बाद वापसी करने में सफल रहे हैं।

टीम इंडिया का ऐलान, सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी
मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्यालय में चयन समिति की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। इस दौरान टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद रहे।इस बार चयन समिति ने कई अहम और चौंकाने वाले फैसले लिए हैं। सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सबसे बड़ा झटका शुभमन गिल को लगा है, जिन्हें खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया है। खास बात यह है कि शुभमन गिल साउथ अफ्रीका सीरीज तक भारतीय टीम के उप-कप्तान थे, ऐसे में उनका बाहर होना क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
ईशान किशन की दो साल बाद वापसी
टीम चयन की सबसे सकारात्मक खबर विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी रही। ईशान किशन करीब दो साल बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे हैं। घरेलू क्रिकेट और हालिया प्रदर्शनों में उनके शानदार फॉर्म का उन्हें इनाम मिला है। उनके साथ संजू सैमसन को भी विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, जितेश शर्मा को इस बार 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिल सकी।
ओपनिंग जोड़ी में बदलाव
शुभमन गिल के बाहर होने के बाद टीम मैनेजमेंट ने ओपनिंग जोड़ी में बड़ा बदलाव किया है। अब टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की पारी की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा करेंगे। मध्यक्रम में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे पर बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि फिनिशर की भूमिका में रिंकू सिंह अहम साबित हो सकते हैं।
गेंदबाजी में अनुभव और युवा जोश का संतुलन
गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज होंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को शामिल किया गया है। स्पिन विभाग की कमान कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती संभालेंगे, जबकि अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ऑलराउंड विकल्प के तौर पर टीम को संतुलन प्रदान करेंगे।
भारत-श्रीलंका संयुक्त मेजबानी में होगा टूर्नामेंट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी और फाइनल मुकाबला 20 मार्च को खेला जाएगा। गत चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान, अमेरिका (USA), नामीबिया और नीदरलैंड्स से होगा।
चार अलग-अलग स्टेडियमों में खेलेगी टीम इंडिया
टीम इंडिया अपने ग्रुप मुकाबले चार अलग-अलग मैदानों में खेलेगी। ये मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होंगे। ग्रुप स्टेज में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी, जो 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम (15 खिलाड़ी)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।


