“विधायक जयराम महतो ने की गाली-गलौज” थाना प्रभारी की शिकायत पर FIR दर्ज, VIRAL AUDIO पर पुलिस मेंस एसोसिएशन भी उतरा विरोध में
"MLA Jayram Mahto resorts to verbal abuse": FIR registered following complaint by the Station House Officer; Police Men's Association also voices protest over viral audio.

धनबाद: जेएलकेएम प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। थानेदार के साथ गाली गलौज मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस मेंस एसोसिएशन ने भी अब विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित गाली-गलौज और धमकी देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो व्हाट्सऐप कॉल की रिकॉर्डिंग है, जिसे दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि, वायरल ऑडियो की HPBL NEWS स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं करता है। थाना प्रभारी रवि कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में विधायक जयराम महतो के अलावा 10 नामजद लोगों और 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने थाने पहुंचकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की।
गणेश दास की गिरफ्तारी से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लिए जाने के बाद शुरू हुआ।पुलिस के अनुसार, गणेश दास की गिरफ्तारी को लेकर विधायक जयराम महतो ने थाना प्रभारी को व्हाट्सऐप कॉल किया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और उन्हें धमकी दी गई। थाना प्रभारी ने अपने बयान में कथित बातचीत को दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किए जाने की बात कही है। वायरल ऑडियो में कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
थाने पहुंचकर हंगामा करने का भी आरोप
जयराम महतो पर दर्ज एफआईआर में पुलिस ने आरोप लगाया है कि विधायक के साथ समर्थक भी बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे। इस दौरान थाना प्रभारी के कार्यालय में पुलिस पदाधिकारियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।
इधर, पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान दिलीप चौधरी ने थाना प्रभारी की मेज पर मुक्का मारा और वहां लगा पदनाम बोर्ड तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ने पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गोविंदपुर और धनबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
विधायक समेत 10 नामजद, 50 अज्ञात पर केस
थाना प्रभारी की शिकायत के आधार पर जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो, महेंद्र साव और त्रिपुरी पांडेय को नामजद किया गया है। इनके अलावा 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
घटना को लेकर धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन भी थाना प्रभारी रवि कुमार के समर्थन में सामने आया है। एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि पुलिसकर्मी जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में भी तैनात रहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाए। मामले को लेकर धनबाद पुलिस महकमे में नाराजगी की बात सामने आई है।
पहले से दर्ज है एक और मामला
बरवाअड्डा थाने में जयराम महतो के खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, नए आरोपों को उसी मामले में जोड़ा गया है, जिसमें पहले से 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें मौजूद आवाज को लेकर आधिकारिक स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।









