शिक्षकों की 45000 पदों पर भर्तियां : राज्य सरकार ने आयोग को भेजी भर्ती की अधियाचना, जानिये किन पदों पर कितनी होगी भर्तियां, पूरी डिटेल
Recruitment for 45,000 teaching positions: The state government has sent a recruitment requisition to the commission. Find out the full details of the vacancies for each position.

TRE-4 के तहत बिहार में 45,198 शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ, BPSC को भेजी गई अधियाचना
संक्षिप्त विवरण:
बिहार सरकार ने स्कूल शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE-4) के लिए रिक्त पदों की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इस चरण में कुल 45,198 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसमें सबसे अधिक पद 10+2 विद्यालयों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पटना। बिहार सरकार ने शिक्षक बहाली प्रक्रिया के चौथे चरण TRE-4 को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नियुक्ति की अधियाचना (रिक्त पदों की सूची) बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से दो अलग-अलग तारीखों में अधियाचना प्रेषित की गई, जिससे बहाली प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार, सरकार ने सबसे पहले हाई स्कूल (क्लास 9-10) और प्लस टू (10+2) विद्यालयों के पदों की अधियाचना 5 फरवरी 2026 को BPSC को भेजी। इसके बाद प्राथमिक (क्लास 1-5) और मिडिल स्कूल (क्लास 6-8) के रिक्त पदों की अधियाचना 9 फरवरी 2026 को प्रेषित की गई।
TRE-4 अब तक के सबसे कम पदों वाला चरण माना जा रहा है। इस चरण में कुल 45,198 पदों पर शिक्षक नियुक्ति का निर्णय लिया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 16,774 पद 10+2 विद्यालयों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालयों (क्लास 1-5) में 10,778 रिक्तियां हैं। इनमें सामान्य विषय के 7,184 पद, उर्दू के 3,559 पद और बांग्ला विषय के 35 पद शामिल हैं।
मिडिल स्कूल (क्लास 6-8) में कुल 8,563 पदों पर बहाली होगी। इस स्तर पर सबसे अधिक गणित एवं विज्ञान विषय के 2,188 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त सामाजिक विज्ञान के 1,190, हिन्दी के 1,096, अंग्रेजी के 1,929, संस्कृत के 1,225 और उर्दू के 935 पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है।
हाई स्कूल (क्लास 9-10) में 9,083 पदों पर बहाली की जाएगी। वहीं, 10+2 विद्यालयों में 16,774 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। दोनों को मिलाकर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर कुल 25,804 शिक्षकों की बहाली होगी।
TRE-4 में पटना जिला को लेकर अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी कठिन रहने की संभावना है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पटना जिले में क्लास 9-10 के लिए संस्कृत विषय में 71 पद, उर्दू में 31 पद, सामाजिक विज्ञान में 4 पद और संगीत में 14 पद रिक्त हैं। अन्य विषयों में सीटें लगभग भर चुकी हैं।
10+2 विद्यालयों की स्थिति भी लगभग समान है। पटना में केमिस्ट्री के 72, फिजिक्स के 35, राजनीति शास्त्र के 14, अंग्रेजी के 34, हिन्दी के 21, संस्कृत के 31 और उर्दू के 52 पदों पर नियुक्ति होगी।
TRE-4 के तहत सीमित पदों की घोषणा के बावजूद बहाली प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह बना हुआ है। अब सभी की निगाहें BPSC द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी।









