झारखंड- मोबाइल पर गिरी बिजली: खराब मौसम में गड़गड़ाते हुए मोबाइल पर जा गिरी बिजली, मोबाइल देख रहे युवक की मौके पर मौत…

Jharkhand – Lightning struck a mobile phone: In bad weather, lightning struck a mobile phone, killing a young man watching the phone on the spot.

सरायकेला-खरसावां। झारखंड में बनते-बिगड़ते मौसम के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आयी है। मोबाइल देख रहे एक युवक पर बिजली गिर गयी, जिसकी वजह से युवक की जान चली गयी। घटना सरायकेला-खरसावां जिले की है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सरायकेला थाना क्षेत्र के रुगड़ी साही गांव में गुरुवार शाम हुआ, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।

मृतक की पहचान श्याम हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम में बदलाव आया। आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी। इसी दौरान श्याम अपने घर के अंदर बैठकर मोबाइल चला रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, अचानक खिड़की की ओर से तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे युवक पर आ गिरी।

घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि श्याम को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी दौड़कर वहां पहुंच गए।घटना के तुरंत बाद परिजन युवक को लेकर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों के अनुसार, बिजली गिरने से युवक के शरीर पर गंभीर असर पड़ा था और उसका शरीर काफी हद तक झुलस गया था।बताया जा रहा है कि मृतक श्याम हेम्ब्रम मेहनतकश युवक था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके अलावा वह ट्रैक्टर चलाने का काम भी करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस घटना ने एक बार फिर मौसम के अचानक बदलते मिजाज और आकाशीय बिजली के खतरे को उजागर किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम और बिजली कड़कने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर खुले स्थानों या खिड़कियों के पास रहने से बचना चाहिए।

स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक जोखिम न लें। फिलहाल, गांव में शोक का माहौल है और लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Related Articles