झारखंड- दर्दनाक हादसा: 5 युवतियां तालाब में डूबी, दो बहनों की मौत, तीन लड़कियों को बचाया गया, एक दूसरे को बचाने के दौरान हुआ हादसा…
Jharkhand – Tragic accident: 5 girls drowned in a pond, two sisters died, three girls were rescued, the accident happened while they were trying to save each other…

Jharkhand Crime News : झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। तालाब में नहाने के दौरान पांच युवतियां गहरे पानी में चली गईं। इस हादसे में दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से तीन अन्य युवतियों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बसिया थाना क्षेत्र के सनीचर टोली गांव में हुआ। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय काजल कुमारी और उसकी चचेरी बहन दीपिका कुमारी उर्फ दीपशिखा के रूप में हुई है। दोनों एक साथ गांव की अन्य युवतियों के साथ पास के तालाब में नहाने के लिए गई थीं।
बताया जा रहा है कि सभी पांच युवतियां चुटिया नदी के पास स्थित तालाब में नहा रही थीं। इसी दौरान काजल कुमारी पहले पानी में उतरी, लेकिन कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए उसकी चचेरी बहन दीपिका कुमारी ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद अन्य तीन युवतियां भी मदद के लिए पानी में कूद गईं, लेकिन स्थिति अचानक गंभीर हो गई और पांचों गहरे पानी में फंस गईं।
युवतियों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए पानी में कूदकर बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक काजल और दीपिका की हालत बिगड़ चुकी थी। दोनों को बाहर निकालने के बाद मृत पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के संबंध में गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने पुष्टि करते हुए बताया कि नहाने के दौरान पांच युवतियां अचानक गहरे पानी में चली गईं, जिसमें से तीन को बचा लिया गया, जबकि दो की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे जल स्रोतों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें।









