रक्सौल-तिरुपति ट्रेन का घट गया किराया: …अब झारखंड से सस्ते में हो जायेगा यात्रियों को तिरुपति दर्शन, जानिये कितनी हो गयी स्लीपर व एसी के किराये में कटौती

Raxaul-Tirupati train fare reduced: ... Passengers from Jharkhand will now be able to visit Tirupati at a cheaper rate. Find out how much sleeper and AC fares have been reduced.

Jharkhand Train News: झारखंड के यात्रियों को अब सस्ते में तिरुपति दर्शन का मौका मिलेगा। रक्सौल-तिरुपति नई साप्ताहिक ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। इस ट्रेन से स्पेशल ट्रेन का टैग हटने के बाद यात्रियों को किराए में बड़ी राहत मिली है। स्लीपर से लेकर एसी कोच तक के किराए में कमी आई है, जिससे उत्तर बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा। यह ट्रेन तिरुपति से 1 जून और रक्सौल से 4 जून से नियमित रूप से सप्ताह में एक दिन संचालित होगी।

रेलवे के इस फैसले से झारखंड और बिहार के यात्रियों को दक्षिण भारत जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।रेलवे सूत्रों के मुताबिक रक्सौल से तिरुपति जाने वाली ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग सोमवार से शुरू होने की संभावना है। खास बात यह है कि अब इस ट्रेन से स्पेशल ट्रेन का टैग हट गया है, जिसके बाद यात्रियों को महंगे किराये से राहत मिली है।

स्लीपर से एसी तक किराए में कमी
धनबाद से तिरुपति जाने वाले यात्रियों के किराए में अच्छी-खासी कमी दर्ज की गई है। स्लीपर क्लास में यात्रियों को पहले की तुलना में 175 रुपये कम चुकाने होंगे। वहीं थर्ड एसी में 370 रुपये और सेकंड एसी में 420 रुपये तक की बचत होगी। रेलवे द्वारा जारी किराया सूची के अनुसार धनबाद से तिरुपति जाने के लिए स्लीपर क्लास का किराया पहले 1050 रुपये था, जो अब घटकर 875 रुपये हो गया है। इसी तरह थर्ड एसी का किराया 2590 रुपये से घटकर 2220 रुपये और सेकंड एसी का किराया 3620 रुपये से घटकर 3200 रुपये कर दिया गया है।

सिकंदराबाद रूट पर भी राहत
धनबाद से सिकंदराबाद जाने वाले यात्रियों को भी इस नई व्यवस्था का लाभ मिलेगा। स्लीपर क्लास का किराया 865 रुपये से घटकर 690 रुपये हो गया है। थर्ड एसी में 2140 रुपये की जगह अब 1775 रुपये और सेकंड एसी में 2960 रुपये की जगह 2540 रुपये चुकाने होंगे।यात्रियों का कहना है कि किराए में कमी से दक्षिण भारत की यात्रा अब पहले की तुलना में अधिक सुलभ और किफायती हो जाएगी। खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और तीर्थ यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर बिहार और दक्षिण भारत के लिए बढ़ी कनेक्टिविटी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस नई साप्ताहिक ट्रेन के नियमित संचालन से उत्तर बिहार के यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। रक्सौल से तिरुपति के बीच सीधी ट्रेन सुविधा मिलने से यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए कम परेशानी उठानी पड़ेगी।इसके अलावा छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले लोगों को भी एक अतिरिक्त ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो गई है। धनबाद होकर गुजरने वाली इस ट्रेन से झारखंड के कई यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

धनबाद को मिली इस साल पांचवीं नई ट्रेन
रेलवे के विस्तार और नई ट्रेनों की सौगात के बीच यह ट्रेन धनबाद के लिए इस साल की पांचवीं नई ट्रेन मानी जा रही है। इससे पहले हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत और धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की शुरुआत हो चुकी है।नई ट्रेन मिलने के बाद अब धनबाद से दिल्ली और यशवंतपुर बेंगलुरु के लिए भी नई ट्रेनों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। यात्रियों और रेल संगठनों का मानना है कि बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे आने वाले समय में और नई ट्रेनों की घोषणा कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *