Saraikela News: चांडिल में हाथी का खौफनाक हमला, घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसा गजराज, सो रहे परिवार की अटकी सांसें

सरायकेला। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने जीतू महतो के घर की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया और घर में रखा अनाज खा गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हाथी के हमले से पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घर में सो रहे थे मां और दो बच्चे, अचानक घुस आया हाथी
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात जीतू महतो के घर में उनकी पत्नी और दो बच्चे सो रहे थे। इसी दौरान एक जंगली हाथी ने घर पर हमला कर दिया। हाथी ने घर की दीवार तोड़ दी और अंदर घुसकर वहां रखा अनाज खाना शुरू कर दिया। अचानक दीवार टूटने और हाथी को घर के अंदर देखकर परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।
हाथी के आक्रामक होने पर दोनों बच्चों ने खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं, बच्चों की मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं। महिला के मुताबिक, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की। उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर अपनी और बच्चों की जान कैसे बचाएं।
हाथी को शांत करने के लिए महिला ने उसे दिया अनाज
जान बचाने के लिए महिला ने घर में रखा अनाज हाथी को देना शुरू कर दिया, ताकि वह शांत हो जाए और वहां से चला जाए। इसी दौरान हाथी ने जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, इस दौरान उनकी जान बच गई। महिला के लिए यह पूरी घटना किसी भयावह मंजर से कम नहीं थी।
गनीमत रही कि हाथी द्वारा तोड़ी गई घर की दीवार परिवार के किसी सदस्य के ऊपर नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हाथी के हमले में घर को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। घर के आंगन में दोनों बच्चे अपनी मां के साथ रोते-बिलखते नजर आए।
हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का गांवों में घुसना लगातार जारी है। हाथियों के हमलों के कारण ग्रामीणों की जान पर खतरा बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और गांवों के आसपास समय रहते वन विभाग की टीम सक्रिय हो, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। लोगों ने विभाग से हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने और उनके गांवों में प्रवेश करने से पहले ही रोकथाम के उपाय करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार को राहत और सुरक्षित आवास देने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से पीड़ित जीतू महतो के परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। घर की दीवार टूटने और मकान को नुकसान पहुंचने के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या बच्चों के साथ सुरक्षित जगह पर रहने की है। साथ ही खाने-पीने की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार हमलों से गांव के लोगों में डर का माहौल है। ऐसे में वन विभाग को केवल घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।









